सब्जी मंडी में नहीं जाएंगे फुटकर खरीदार
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के शुरुआती दो दिन में शहर क्षेत्र में लोगों की भीड़ उमड़ने को लेकर एसएसपी अभिषेक यादव ने सुबह छह से नौ बजे तक के लिए नई व्यवस्था बना दी है। एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार से थोक सब्जी मंडी में केवल ठेली वाले सब्जी विक्रेता ही जाकर खरीदारी कर सकेंगे। फुटकर में सब्जी खरीदने वाले नागरिकों को सब्जी मंडी में जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए सब्जी मंडी के पास बैरियर बनाकर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। स्थानीय लोग केवल मोहल्ले में आने वाले ठेली विक्रेताओं से ही सब्जी खरीदेंगे।
--
वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित
मुजफ्फरनगर। शुक्रवार से शहर में दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों के संचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि अब शहर में दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों का संचालन पूर्णत: प्रतिबंधित कर दिया गया है। कोई भी व्यक्ति वाहन लेकर सड़क पर पहुंचा तो उसके वाहन को सीज कर जुर्माना लगाया जाएगा। किसी भी सूरत में शहर की सड़कों पर वाहनों के संचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। केवल अधिकृत पास धारक वाहन ही शहर में चलने दिए जाएंगे।
----
बेवजह निकले तो होगी रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। लॉकडाउन के दौरान अब बेवजह घर से निकलने पर भी कड़ाई से रोक लगा दी है। एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि शुरूआती दो दिन में बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलकर बाजार तक जा पहुंचे। इसे देखते हुए अब बेवजह घर से निकलने वाले लोगों की भी जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके तहत ऐसे लोगों के खिलाफ धारा-188 के तहत रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
--
घर पर ही पढ़े नमाज, लगे पोस्टर
मुजफ्फरनगर। एसएसपी अभिषेक यादव ने बृहस्पतिवार को ही सभी धार्मिक कार्य घर से ही करने के आदेश दिए हैं। लोगों को जुमे की नमाज भी अपने घर पर ही पढ़ने और पूजा करने के लिए मंदिर न जाने के भी निर्देश दिए हैं। क्षेत्र की मस्जिदों के बाहर ऐसे पोस्टर चस्पा कर दिए गए हैं, जिनमें लोगों को नमाज अपने घरों में ही अदा करने की अपील की गई है।
-----
गांव खतौला में परिवार को दी मदद
मुजफ्फरनगर। डायल-112 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बुधवार को खतौली कोतवाली क्षेत्र के गांव खतौला में दो दिन से भूखे परिवार को राशन लाने के लिए आर्थिक मदद दी। इंस्पेक्टर जीसी शर्मा ने बताया कि डायल-112 को कॉल कर किसी ने गांव खतौला में एक महिला व दो बच्चों के परिवार के पास आर्थिक संसाधन न होने और दो दिन से भूखे होने की सूचना दी थी। इस पर पीआरवी-2218 तत्काल गांव में पहुंची और पीड़ित परिवार को राशन खरीदकर लाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।