खतौली। नेशनल हाईवे पर भैंसी कट के निकट कार चालक ने सड़क किनारे खड़े रेस्टोरेंट के चौकीदार गांव चंदसीना निवासी नियाज (55) को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव चंदसीना निवासी नियाज नेशनल हाईवे पर एक रेस्टोरेंट में चौकीदार था। शुक्रवार देर रात वह नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान मेरठ की ओर से मुजफ्फरनगर की ओर जा रही कार ने उसे टक्कर मार दी। वह कई फिट उछलकर सड़क पर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रेस्टोरेंट पर कार्य कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो चालक कार लेकर भाग गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि नियाज मजदूरी कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहा था। मृतक के छह बच्चों में चार पुत्री तथा दो पुत्र हैं। जिसमें दो पुत्रियां शादीशुदा हैं। कोतवाली पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। संवाद