दूसरों की जिंदगी बचाने की अमर उजाला फाउंडेशन की मुहिम में शामिल नागरिकों ने स्वैच्छिक रक्तदान का संकल्प लिया। विश्व रक्तदान दिवस पर स्वामी कल्याण देव राजकीय जिला चिकित्सालय में लगाए गए शिविर में प्रबुद्ध नागरिकों, समाजसेवियों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साह से भागीदारी की।
शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अर्चना वर्मा ने किया। वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव की सच्ची सेवा और महादान है। अनमोल जीवन की रक्षा के लिए नि:संकोच होकर रक्तदान करें। शिविर में 54 यूनिट ब्लड डोनेट कर रक्तदाता महादानी बने।
अमर उजाला फाउंडेशन की पहल पर बृहस्पतिवार को जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में वृहद रक्तदान शिविर का शुभारंभ प्रात: दस बजे सीडीओ अर्चना वर्मा ने किया। वर्मा ने कहा कि अमर उजाला के अभियान से समाज और देश में रक्तदान के लिए जागरूकता आई है।
सड़क हादसे, गंभीर बीमारी और आपदा की स्थिति में दूसरों की जिंदगी बचाने को आपके रक्त का किया गया दान अनमोल है। रक्तदान को लेकर भ्रांतियों का निराकरण करें। खुशी मन से ब्लड डोनेट का संकल्प लें। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति तीन माह में एक बार रक्तदान कर सकता है।
एक यूनिट रक्त से चार जिंदगियां बच सकती हैं। देश में चीन के बाद सबसे ज्यादा मौत सड़क दुर्घटनाओं में होती है। हादसे में ज्यादा रक्तस्राव और समय पर खून उपलब्ध न होने के कारण घायल की मौत हो जाती है। किसी का जीवन बचाने की जो खुशी मिलेगी, उसका कोई मूल्य नहीं होता।
युवा स्वैच्छिक रक्तदान को आगे आएं। नि:संकोच संकल्प करें और जब भी जरूरत का वक्त हो दूसरों के जीवन की रक्षा करें। सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने बताया कि 18 से 60 वर्ष आयु का स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान में केवल पांच से दस मिनट का समय लगता है।
प्रक्रिया में कोई कष्ट नहीं होता। रक्तदान के बाद रक्त बनने की गति में भी तीव्रता आती है। शिविर में आए नागरिकों और युवाओं ने रक्तदान के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया। पांच घंटे तक चले कैंप में ब्लड बैंक यूनिट प्रभारी डॉ पीके त्यागी के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदान की प्रक्रिया पूरी कराई।
शिविर में 54 रक्तदाताओं ने ब्लड डोनेट किया। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के जिलाध्यक्ष सुमित मलिक, रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति के सदस्य अधिवक्ता कमलकांत कश्यप आदि ने शिविर के उद्देश्यों की सराहना की। संत निरंकारी मिशन और डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों ने भी भाग लिया।
प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
मुजफ्फरनगर। स्वैच्छिक रक्तदान को अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा सभी रक्तदान दाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने भी रक्तदान किया। टेक्निकल असिस्टेंट सौराज सिंह, लैब असिस्टेंट जितेंद्र कुमार, परामर्शदाता शमशेर सिंह आदि का सहयोग रहा।
पांच दिन में जांच रिपोर्ट देखें
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ पीके त्यागी ने बताया कि जिन नागरिकों ने रक्तदान किया है, उनके रक्त की सभी जांच नि:शुल्क की गई है। रक्त की जरूरी जांच की रिपोर्ट रक्तदाता पांच दिन में ब्लड बैंक में आकर देख सकते हैं।
किसी की खुशियां बचाए: शर्मा
मुजफ्फरनगर। केंद्रीय विद्यालय के शिक्षक केडी शर्मा ने शिविर में उत्साह से रक्तदान किया। शर्मा ने कहा कि मानवता के लिए रक्तदान पुण्य का कार्य है। स्वेच्छा से ही प्रेरणा हुई और अमर उजाला फाउंडेशन के राष्ट्रीय अभियान से जुड़ कर गर्व महसूस किया। किसी के जीवन को बचाने के लिए निश्चित ही रक्तदान करें, क्योंकि रक्त का कोई विकल्प नहीं होता। ब्लड डोनेट से किसी परिवार की खुशियां बची रह सकती है।
रक्तदान कर मिली खुशी
मुजफ्फरनगर। एसडी इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साईंस के अंतिम वर्ष के छात्र सार्थक गर्ग ने अपने मित्र वैभव शर्मा के साथ पहली बार रक्तदान किया। चरथावल के मूल निवासी सार्थक ने बताया कि रक्तदान की प्रेरणा माता-पिता से मिली। साकेत कालोनी निवासी वैभव ने कहा कि यह अनुपम अभियान है। भागीदारी कर खुशी मिली।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने लगाया रक्तदान शिविर
मुजफ्फरनगर। बैंक ऑफ बड़ौदा में विश्व रक्तदान दिवस पर आयोजित कैंप में नौ यूनिट रक्त डोनेट किया गया। चिकित्सकों ने 25 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। मुख्य प्रबंधक संजय अग्रवाल, प्रमोद भूटानी, पवन कुमार मिश्रा आदि ने रक्तदान किया। आशुतोष कपिल का सहयोग रहा।