आरक्षण जन-जागरण जोश रथयात्रा का स्वागत
भोपा। संवैधानिक आरक्षण संघर्ष मोर्चा के तत्वावधान में कश्यप, निषाद, प्रजापति, राजभर और पाल समाज को अनुसूचित जाति में आरक्षण दिए जाने की मांग को लेकर निकाली जा रही यात्रा का कस्बे में स्वागत किया गया।
आरक्षण जन-जागरण ज्योति रथयात्रा मां शाकंभरी देवी सिद्धपीठ से शुरू होकर मंगलवार को क्षेत्र के गांव बाकरनगर, रहकड़ा, तिस्सा, ककराला, हाजीपुर व भेड़ाहेड़ी सहित अन्य गांवों में पहुंची। मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक इंजीनियर देवेंद्र कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2012 में कश्यप, निषाद सहित 17 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति में शामिल करने का मुद्दा सदन में उठाया था। इन जातियों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति बहुत खराब और कमजोर है, इसलिए इन जातियों को अनुसूचित जाति का लाभ मिलना ही चाहिए।
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश कश्यप ने कहा कि आज केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है, इसके बाद भी इन जातियों को संविधान में लिखा अनुसूचित जाति का आरक्षण नहीं दिया जा रहा है। राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव जय भगवान कश्यप ने बताया कि सरकार अगर हमारी मांगें स्वीकार नहीं करती तो आगामी चुनाव में वोट से इसका जवाब दिया जाएगा। कृष्णपाल कश्यप, मोनू, नरेश कश्यप, नीरज, मास्टर सुरेश कश्यप, सोमपाल कश्यप, अनुज सिंह और मुकेश कश्यप आदि मौजूद रहे।