पुलिस लाइन में राज्यमंत्री ने ली परेड की सलामी
मुजफ्फरनगर। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन स्थित ग्राउंड में रविवार को पुलिस परेड का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। परेड के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
रविवार सुबह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर उड़ाकर किया। इससे पहले, डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। राज्यमंत्री ने ध्वजारोहण किया, जिसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद, पुलिस सेवा से हटाईं गईं थ्री-नॉट-थ्री राइफल समेत अन्य शस्त्रों से मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। कमांडर सीओ भोपा राममोहन शर्मा, आरआर अब्दुल रईस खान व एसआई पवन कुमार द्वारा परेड को कमांड किया गया। परेड में शामिल ट्रैफिक विभाग की टुकड़ी का नेतृत्व एसआई भूदेव सिंह, पुलिस लाइन की टुकड़ी का नेतृत्व एसआई प्रदीप नादर, पुलिस ऑफिस की टुकड़ी का नेतृत्व एसआई मशकूर अली, अभियोजन कार्यालय की टुकड़ी का नेतृत्व एसआई अनिल कुमार, पीएसी 24वीं वाहिनी की टुकड़ी का नेेतृत्व एसआई संदीप कुमार के साथ ही एसआई नीरज यादव महिला एसआई ललिता और निधि चौधरी द्वारा किया गया। दमकल टुकड़ी का नेतृत्व एफएसओ अनंतराम ने किया। परेड में बाइक दस्ता, वज्र वाहन, क्रेन, फायर टैंकर, यूपी-100, महिला हेल्प लाइन 1090, स्वान दस्ता, रेडियो सैक्शन और विधि-विज्ञान इकाई की टीम भी शामिल रहीं। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र स्मृति चिह्न भेंट किए गए। तत्पश्चात पुलिस विभाग के एसआई राजकुमार को उत्कृष्ट सेवा सम्मान, एसआई प्रवेश कुमार को प्लेटिनम मेडल, एसआई सुखवीर सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान, कांस्टेबल सोनू को गोल्ड मेडल, कांस्टेबल विनीत कुमार को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। इनके अलावा, समाजसेवा के क्षेत्र में अग्रणी रहने वाले बीना शर्मा, शूटर नेहा तोमर आदि को भी सम्मानित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष आंचल , भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ सुधीर सैनी, राज्य अल्पसंख्यक आयोग सदस्य सरदार सुखदर्शन सिंह बेदी, विधायक विक्रम सैनी, एसपी सिटी सतपाल आंतिल, एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसपी क्राइम आरबी चौरसिया, एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया, एसपी देहात नेपाल सिंह, डॉ एससी कुलश्रेष्ठ, संजय गर्ग, रेवती नंदन सिंघल व बीना शर्मा आदि मौजूद रहे।