मुजफ्फरनगर। फुगाना थाना क्षेत्र के जानलेवा हमले के मामले में आर्थिक अपराध शाखा मेरठ के निरीक्षक अरुण कुमार त्यागी कोर्ट में पेश नहीं हुए। अदालत ने एसओ खरखौदा को उन्हें गिरफ्तार कर हाजिर करने के आदेश दिए हैं। गैर जमानती वारंट की धारा का अनुपालन नहीं कराने पर एसओ खरखौदा को फटकार लगाई गई है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-13 शक्ति सिंह की अदालत में थाना फुगाना का जानलेवा हमले का मामला विचाराधीन है। फुगाना थाने में तैनात रहे वर्तमान में आर्थिक अपराध शाखा मेरठ के निरीक्षक अरुण कुमार त्यागी इस प्रकरण में कोर्ट में पेश नहीं हो रहे है, जिस कारण उनके गैर जमानत वारंट जारी किए गए थे। सूचना एसएसपी मेरठ और थाना खरखौदा भेजी गई थी। शनिवार को भी निरीक्षक अरुण त्यागी कोर्ट में नहीं पहुंचे, जिस पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। एसओ खरखौदा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही आदेश दिए गए हैं कि 21 अप्रैल को निरीक्षण को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करें।