पेड़ काटने के मामले में रिपोर्ट दर्ज
भोपा। वन दरोगा और वनरक्षक ने नहर पटरी से पेड़ काटने के मामले में एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मौके से मिले आधार कार्ड से आरोपी की पहचान हुई।
चार दिन पूर्व गंग नहर की दायीं पटरी से चार पेड़ काट लिए गए थे। मंगलवार को वन विभाग के दरोगा सतेंदर एवं वनरक्षक प्रवेश कुमार ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह नहर पटरी पर गश्त कर रहे थे, उसी दौरान मील 47 पर उन्हें शीशम का पेड़ कटा नजर आया। पेड़ की लकड़ी गायब थी। मील 46 की ओर भी जाकर देखा तो वहां शीशम व सागौन के वृक्ष भी कटे पाए गए जिनकी कीमती लकड़ी चोरी कर ली गई थी। वनरक्षक प्रवेश ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मौके से एक पर्स मिला है जिसमें नदीम पुत्र मोहर्रम निवासी गांव अकबरपुर हरिद्वार एवं उसकी पत्नी रजीमा की आईडी मिली है। उसी के आधार पर नदीम एवं दो अज्ञात के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस व वन विभाग की टीम आरोपियों की तलाश में लगी है।