रामराज। अमृतपाल की हत्या के मामले में परिजनों ने दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में कई लोग हिरासत में लिए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
थाना क्षेत्र के ग्राम देवल निवासी अमृतपाल 25 अगस्त को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। भाई इंद्रपाल ने अगले दिन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार सुबह अमृतपाल का शव मध्य गंगनहर में गांव आलमपुर पुल के पास से बरामद हुआ, जिसका एक हाथ कटा हुआ था। एसओ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या धारदार हथियारों से हुए घाव से होने की पुष्टि हुई है। इसके आधार पर परिजनों ने गांव के ही देवेंद्र और सतेंद्र पाल पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शक के आधार पर कई लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एसपी देहात अतुल श्रीवास्तव का कहना है कि पुलिस मामले में कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।