शौहर सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
मुजफ्फरनगर। मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी विवाहिता ने अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये व कार की मांग पूरी नहीं होने पर शौहर समेत तीन लोगों पर मारपीट व हत्या के प्रयास के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दक्षिणी खालापार निवासी आयशा ने तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह करीब दस साल पूर्व शामली जनपद के कस्बा कैराना के मोहल्ला अंसारियान निवासी फराज अहमद पुत्र तौसीफ से हुआ था। विवाहिता का कहना है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर ससुराल में विवाहिता का उत्पीड़न किया जाने लगा। शौहर के मोहल्ले की ही एक युवती से भी संबंध स्थापित हो गए। विरोध करने पर मारपीट की जाने लगी। पीड़िता के अनुसार, करीब डेढ़ माह पूर्व भाई व मां उससे मिलने पहुंचे तो शौहर ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसे लेकर दोनों पक्षों की बैठक हुई, जिसमें शौहर ने गलती मान ली। पीड़िता के अनुसार सात जनवरी को शौहर व ससुर ने विवाहिता के साथ मारपीट करते हुए उसके मुंह पर रजाई रखकर दम घोंटकर हत्या करने का प्रयास किया और करंट भी लगाया। किसी तरह पीड़िता की जान बच गई तो उसे एक कमरे में छह दिन तक बंद रखा गया। 13 जनवरी को आरोपी उसे मायके छोड़कर चले गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने महिला के शौहर व ससुर समेत तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।