झांसी रानी चौक पर पार्किग स्थल में लगी ठेलानुमा दुकाने।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
मुजफ्फरनगर। शहर के बीच पार्किंग स्थलों पर अवैध वसूली कर छोटे दुकानदारों से अवैध फड़ लगवाई जा रहीं हैं, जिससे एक ओर जहां पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है तो वहीं दूसरी ओर ये जाम का भी बड़ा कारण बन रहा है। नगरपालिका के कर अधीक्षक ने ऐसे ही एक मामले में पार्किंग ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के बीच स्थित नगरपालिका द्वारा छोड़े गए वाहन पार्किंग के स्थल अवैध बाजार के रूप में इस्तेमाल हो रहे हैं, जहां पार्किंग ठेकेदार वाहन पार्क कराने के बजाय अवैध दुकानें लगवाकर अवैध वसूली कर रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में शहर के अति व्यस्ततम झांसी रानी चौक पर छोड़े गए पार्किंग स्थल पर लंबे समय से पार्किंग ठेकेदार द्वारा डिवाइडर के दोनों ओर ठेलेनुमा दुकानें लगवाकर भरा-पूरा बाजार ही लगवा दिया गया है। इसके एवज में पार्किंग ठेकेदार द्वारा इन दुकानदारों से रोजाना के हिसाब से अवैध वसूली की जा रही थी। इस मामले में नगरपालिका के कर अधीक्षक आरडी पोरवाल द्वारा सिविल लाइंस थाने में आरोपी पार्किंग ठेकेदार सुभाषनगर, निवासी आकाश के खिलाफ तहरीर दी गई है। इंस्पेक्टर डीके त्यागी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
देर आए, दुरुस्त आए अफसर
मुजफ्फरनगर। शहर के बीचोबीच व्यस्त क्षेत्रों में पालिका प्रशासन द्वारा वाहन पार्किंग के लिए ठेके छोड़े गए हैं, जिनका इस्तेमाल पार्किंग ठेकेदार द्वारा लंबे समय से वाहन पार्किंग के बजाय अवैध दुकानें लगवाने के लिए ही किया जा रहा है। झांसी रानी स्थित यह पार्किंग स्थल नगरपालिका से चंद कदमों की दूरी पर ही है। इसके बावजूद इस अनियमितता को देखने में पालिका प्रशासन को लंबा समय लग गया। हालांकि देर से ही सही, यदि अब भी पालिका प्रशासन इन अवैध दुकानों को हटवाकर पार्किंग ठेका नियमित करा दे, तो शहर के लोगों के लिए यह एक सौगात सरीखा होगा। इससे न केवल वाहन पार्किंग की समस्या से निजात मिलेगी, बल्कि जाम की समस्या का भी समाधान होगा।