कोरोना से वृद्ध की मौत, 38 लोग संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना से मौत होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शहर के गांधी कॉलोनी निवासी वृद्ध की कोरोना से मौत हो गई। कोरोना से अब तक 104 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार को 38 नए मरीज मिले हैं, जिनमें से 33 संक्रमित लोग शहरी क्षेत्र के और पांच खतौली क्षेत्र के हैं। शहरी क्षेत्र में संक्रमण लगातार बढ़ने से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग का अध्ययन करने में जुटी है कि शहरी क्षेत्र में ही कोरोना से ज्यादा लोग क्यों संक्रमित हो रहे हैं।
सीएमओ डॉक्टर प्रवीण चोपड़ा ने बताया कि गांधी कॉलोनी गली नंबर 12 निवासी 75 वर्षीय व्यक्ति रविवार को जांच में कोरोना पॉजिटिव आया था। हालत बिगडऩे पर उसे बेगराजपुर के मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। उधर, सैंपल की आई जांच और रैपिड एंटीजन टेस्ट में 38 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक शहरी क्षेत्र में 33 मरीज और खतौली में पांच मरीज पाए गए हैं। शहर के गांधी कॉलोनी में पांच, द्वारिकापुरी में चार, पटेलनगर में छह, पुरुषार्थी कॉलोनी में तीन मरीज मिले हैं। अग्रसेन विहार, इंदिरा कॉलोनी, जनकपुरी, अंसारी रोड, कोर्ट रोड, खालापार, साकेत कॉलोनी, जाट कॉलोनी, प्रकाश चौक, गांधीनगर और अमित विहार में भी मरीज मिले हैं। मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में तीन, मिल मंसूरपुर में एक, भंगेला में एक मरीज मिला है। जनपद में 38 मरीज मिले हैं तथा 41 मरीज ठीक होने पर छुट्टी दी गई है। जिले में अब तक कोरोना के 7972 मरीज मिल चुके हैं, जिनमें से 7504 मरीज ठीक हो गए है, जबकि अभी भी 365 मरीजों का उपचार चल रहा है।