किरायेदार ने मकान मालिक पर किया हमला
मुजफ्फरनगर। अंबा विहार में मकान खाली करने के लिए कहे जाने पर दूसरे वर्ग के किराएदार ने मकान मालिक पर हमला कर घायल कर दिया। उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया गया। पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के अंबा विहार निवासी अनुसूचित जाति के रामचंद्र ने तहरीर देकर बताया कि उसने मोहल्ले में ही स्थित अपना एक मकान दूसरे वर्ग के गांव छतैला निवासी जमाल को किराये पर दिया था। आरोप है कि जमाल उक्त मकान पर अवैध रूप से कब्जा करने की फिराक में है। कई बार कहे जाने के बावजूद मकान खाली नहीं कर रहा है। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार को वह अपने मकान पर पहुंचा और जमाल से मकान खाली करने के लिए कहा, तो आरोपी ने अपनी पत्नी सायरा, बेटे माजिद व बेटी रेशमा के साथ मिलकर रामचंद्र के साथ गाली-गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मकान मालिक पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।