शहर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान
मुजफ्फरनगर। शहर क्षेत्र में बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह और सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने टीम के साथ शिवचौक और गोल मार्केट पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया। कई पटरी विक्रेताओं का सामान कब्जे में लेते हुए दो लोगों को हिरासत में लिया। वहीं, गोल मार्केट में गलियारे पर कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों को मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी गई।
अमर उजाला में नौ अप्रैल के अंक में शहर क्षेत्र में फुटपाथ व पालिका की मार्केट में गलियारों पर किए गए अतिक्रमण व कब्जे को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी। उक्त खबर का संज्ञान लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह व सीओ सिटी कुलदीप सिंह टीम के साथ शिवचौक पहुंचे। यहां अफसरों ने शिवचौक के पीछे स्थित तुलसी पार्क के बाहर और इससे आगे शौचालय के बाहर तक फुटपाथ पर कब्जा जमाए बैठे विक्रेताओं को सड़क व फुटपाथ खाली करने के निर्देश दिए। कई पटरी विक्रेताओं का सामान कब्जे ले लिया गया। वहीं, गोल मार्केट के गलियारे पर अवैध कब्जा कर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को हड़काते हुए मुकदमे दर्ज कराने की भी चेतावनी दी गई। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में भी लिया गया, जिन्हें छुड़ाने के लिए शहर कोतवाली में रसूखदारों का जमावड़ा लगा रहा, जिन्हें इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने जमकर हड़काया। हालांकि बाद में माफी मांगे जाने पर हिरासत में लिए गए लोगों को चेतावनी देकर छोड़ते हुए कब्जे में लिया गया सामान भी रिलीज कर दिया गया।
इन्होंने कहा .....
सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह ने बताया कि अतिक्रमण को लेकर शहर क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। फुटपाथ खाली करने के साथ ही पालिका की मार्केट में गलियारों पर कब्जा कर अस्थायी दुकानों का रूप देने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी अवैध कब्जा या अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।