- अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एटूजेड रोड स्थित न्यू होरिजन स्कूल में कार्यक्रम आयोजित
अमर उजाला ब्यूरो
मुजफ्फरनगर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एटूजेड रोड स्थित न्यू होरिजन स्कूल में अपराजिता अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य को संवारने के लिए बेटियों को स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना होगा। अगर स्वास्थ्य सही नहीं होगा तो परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। नियमित दिनचर्या, योग, व्यायाम और अच्छे खानपान पर ध्यान देकर अच्छा स्वास्थ्य हासिल किया जा सकता है।
मुख्य अतिथि एसीएमओ डॉ. दिव्या वर्मा ने कहा कि भविष्य संवारने के लिए बच्चों का स्वास्थ्य ठीक रहना बहुत जरूरी है। अधिक मोबाइल के प्रयोग और कमजोर खानपान से कम उम्र में ही बच्चों को चश्मा लग जाता है। छात्राओं को हरी सब्जी के साथ-साथ हर मौसम के फल का सेवन जरूर करना चाहिए। नियमित योग करें। बेटियों को आयरन और कैल्शियम का जरूर ध्यान में रखना है। इसके लिए अच्छा भोजन जरूरी है।
विशिष्ट अतिथि जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डॉ. गीतांजलि वर्मा ने कहा कि छात्राओं को योग जरूर करना चाहिए। कलरफुल फूड सबसे ज्यादा हेल्दी होता है। गाजर, हरी सब्जियां, मौसमी फल जैसी चीजों का सेवन जरूर करना चाहिए। नमक कम मात्रा में ही खाना चाहिए। पैकेट बंद वस्तुओं को नजरअंदाज करें। जल्दी उठकर योगा करनी चाहिए, कुछ बच्चे जल्दी नहीं उठ पाते है। उन्हें शाम को या जब भी वक्त मिले, कम से कम आधा घंटा व्यायाम करना चाहिए। नृत्य या तैराकी से भी शरीर स्वस्थ रहता है। साइकिल भी चला सकते हैं।
अध्यापिका पलक माहेश्वरी और रीना ने संचालन किया। प्रधानाचार्या मीनाक्षी मित्तल, दीक्षा शर्मा, पल्लव माहेश्वरी, सतीश कुमार, उमंग, राधिका, श्वेता बंसल, रीतू और प्रियंका आदि मौजूद रहे।
समस्याओं से घबराए नहीं
कक्षा नौ की छात्रा वर्तिका ने कहा कि खुश रहने से भी स्वास्थ्य ठीक रहता है। शिविर में बताया गया कि टेंशन या किसी समस्या में घबराने की जरूरत नहीं। समस्या होने पर शांत रहे, समस्या खुद ब खुद खत्म हो जाएगी।
हमें कभी नहीं हारना
कक्षा छह की छात्रा आयुषी वर्मा ने कहा कि अपराजिता का मतलब पराजित ना होना है। हम सबको अपराजिता ही बनना है। किसी समस्या से लड़कर आगे बढ़ना है। उपयोगी जानकारी मिली।
बेहतर स्वास्थ्य की जानकारी मिली
कक्षा 10 की छात्रा जाह्नवी ने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य रहने के टिप्स दिए गए है। वह इन सभी बातों को अपने घर पर भी जाकर शेयर करेगी। उसने कहा कि स्वस्थ रहने से ही दिमाग का विकास होता है।
न्यू होरिजन स्कूल में आयोजित अपराजिता कार्यक्रम को संबोधित करती प्रधानाचार्य मीनाक्षी मित्तल?- फोटो : MUZAFFARNAGAR