संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 15 अगस्त तक होंगे। इसमें कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। जिला स्तर पर चयनित छात्रों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त होगा।
जेएलएनएस इंटर कॉलेज रवापुरी सठेड़ी के प्रधानाचार्य डॉ. चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि बाल वर्ग में संस्कृत गीत और संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक प्रतियोगिता में एक विद्यालय से अधिकतम चार विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। किसी भी बोर्ड में अध्ययनरत विद्यार्थी प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं।
जनपद स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमश: 1000, 800 और 700 रुपये नकद, प्रमाण पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। जनपद विजेताओं को मंडल और राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर विद्यार्थियों को 11 हजार रुपये तक का नकद पुरस्कार प्राप्त होगा।
निशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन upsanskritpratibhakhoj.com पर होगा। समस्या समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9634732550, 8449441008 पर संपर्क किया जा सकता है।