मुजफ्फरनगर। स्वास्थ्य विभाग ने ई-संजीवनी ओपीडी की शुरूआत की है। मोबाइल एप के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराने के बाद लोग घर बैठे ही डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे।
शनिवार को जिला पुरुष चिकित्सालय में उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महावीर सिंह फौजदार ने किया। सीएमओ ने बताया कि मुख्यालय पर ई-संजीवनी ओपीडी सुविधा के हब की स्थापना की गई है। आमजन नजदीकी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के सीएचओ (कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर) के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराएंगे।
इसके बाद संबंधित बीमारी के डॉक्टर मरीज के साथ ऑनलाइन बातचीत करेंगे। जिले में फिलहाल 130 हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर पर सुविधा शुरू की गई है। मोबाइल एप के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। सीएमएस डॉ. राकेश कुमार, डॉ. योगेंद्र त्रिखा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विपिन कुमार, डिस्ट्रिक्ट कम्यूनिटी प्रोसेस मैनेजर अनुज सक्सेना, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. अलका सिंह मौजूद रहीं।
ई संजीवनी एप करना हो डाउनलोड
यदि आप किसी बीमारी से पीड़ित हैं, तो उपचार के लिए अस्पताल आने की जरूरत नहीं है। मरीज अपने एंड्राइड फोन पर ई संजीवनी एप डाउनलोड कर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। इसके बाद वीडियो कॉल या वेब कैमरे के जरिए रोगी से चिकित्सक की बात हो सकेगी।