मुजफ्फरनगर। सहारनपुर रोड पर माया पैलेस सिनेमा हाल में शुक्रवार रात फिल्म देखने पहुंचे युवकों व सिनेमा हाल के कर्मचारी में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। एक पक्ष ने सिनेमा हाल के मालिक प्रणव गर्ग को भी मुकदमे में नामजद किया है।
शुक्रवार रात दस बजे वाले शो में नगर के मोहल्ला काशीराम कालोनी निवासी आदित्य पुत्र राधेश्याम अपने दो साथी रामपुरी निवासी प्रिंस व विकास के साथ फिल्म देखने गया था। प्रवेश द्वार पर उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। आरोप है कि सिनेमा हाल मालिक प्रणव गर्ग ने कई बाउंसरों के साथ पहुंच कर शो फुल होना बताते हुए अतिरिक्त चार्ज देने को कहा। इसके बाद युवकों को पीटा गया। मारपीट के दौरान प्रिंस की चेन व आदित्य के दस हजार रुपये वहां गिर गए। सिनेमा हाल मालिक प्रणव गर्ग व कर्मचारी रुपेश आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
उधर, प्रणव गर्ग ने बताया कि चार पांच युवक नशे में आए थे और उनके पास शराब भी थी। कर्मचारी गुड्डू ने युवकों को शराब अंदर ले जाने से रोक दिया। इस पर गुडडू के साथ मारपीट की गई। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक को चोट लगी थी।अतिरिक्त चार्ज मांगने का आरोप गलत है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े तीन युवकों में से दो को सिफारिश पर छोड़ दिया था। एक युवक को पुलिस कोतवाली ले गई थी। इसी युवक ने झूठा मुकदमा दर्ज कराया है। कर्मचारी गुड्डू ने भी मुकदमा लिखाया है।