बुढ़ाना में सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुई रीजनल मैनेजर की कार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
सड़क हादसे में रीजनल मैनेजर और कार चालक घायल
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। भारतीय स्टेट बैंक के रीजनल मैनेजर की कार हाईवे पर डिवाइड़र से टकराते हुए ट्रक से भिड़ गई। इस घटना में रीजनल मैनेजर और उनकी कार का चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर अवस्था में दोनों को कस्बे की सीएचसी से दिल्ली रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही शामली और मुजफ्फरनगर जनपद के सभी बैंक अधिकारी कुशलक्षेम जानने के लिए बुढ़ाना पहुंचे।
दिल्ली निवासी भारतीय स्टेट बैंक शाखा के रीजनल मैनेजर अखिल मिश्रा रविवार को कार के चालक दीपक के साथ हसनपुर लुहारी शाखा का निरीक्षण करने जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे मेरठ-करनाल हाईवे पर सराय गांव के पास उनकी कार बरसात में सड़क पर फिसलन होने के कारण डिवाइडर से टकराकर ट्रक से नीचे जा घुसी। इस घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रीजनल मैनेजर और कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही फुगाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। गंभीर हालत में पुलिस ने दोनों को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। रीजनल मैनेजर के घायल होने की सूचना मिलते ही शामली जनपद के कैराना के शाखा प्रबंधक सर्वेंद्र यादव, शामली बैंक के क्षेत्राधिकारी मनजीत यादव, दिल्ली के चीफ मैनेजर क्रेडिट राकेश कुमार, चीफ मैनेजर ऑडिट फकीरचंद व बुढ़ाना शाखा के क्षेत्राधिकारी राकेश कौशल सीएचसी पर पहुंच गए। रीजनल मैनेजर व उनके चालक को सीएचसी से दिल्ली रेफर किया गया। बैंक के सभी अधिकारी उन्हें दिल्ली के अपोलो हॉस्पिटल में ले गए।