मुजफ्फरनगर। जैन कन्या पाठशाला महाविद्यालय में चल रहे यूथ फेस्टिवल के तीसरे दिन अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नृत्य में छात्र-छात्राओं ने धमाल मचाया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि व्यक्तित्व निखारने के लिए शिक्षा सबसे अच्छा माध्यम है। छात्राएं शिक्षा के साथ कौशल ज्ञान को भी बढ़ाएं, ताकि भविष्य में वह अपने पैरों पर खड़ी होकर घर, समाज और देश का नाम रोशन करें।
शुभारंभ मुख्य अतिथि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा और प्राचार्या डॉ सीमा जैन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि कुलपति प्रो तनेजा ने कहा कि जीवन में व्यक्तित्व का बड़ा महत्व है। व्यक्तित्व निखारने के लिए शिक्षा सबसे अच्छा माध्यम है, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक होना पड़ेगा।
उन्होंने छात्राओं के लिए डिप्लोमा कोर्स का उद्घाटन किया। इसके बाद सामूहिक एवं एकल लोकनृत्य, नारी शिक्षा एवं आत्मसुरक्षा के विषय पर प्रतियोगिता कराई गई। बीस कालेजों की टीमों ने प्रतिभाग किया। सामूहिक नृत्य में वाणिज्य विभाग की छात्राएं प्रथम, ड्राइंग एवं पेंटिंग विभाग की छात्राएं द्वितीय और राजस्थानी नृत्य पर समाजशास्त्र विभाग की छात्राएं तृतीय रही।
एकल नृत्य में आरुषि त्यागी और कृतिका को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पर प्रथम, सलोनी को द्वितीय और ईशा जैन तृतीय स्थान पर रही। पोस्टर प्रतियोगिता में खुशनुमा परवीन, टिम्सी ठाकुर और अरशी को संयुक्त रूप से द्वितीय, पुनीत कुमार को तृतीय स्थान मिला। फरहीन को प्रोत्साहन पुरस्कार दिया गया। रंगोली में 18 कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। जिसमें माहीनूर और सिधांशु को संयुक्त रुप से प्रथम, निशा द्वितीय तथा टीके एसएस पीजी कालेज को तृतीय स्थान मिला। लविनिका को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला। कार्यक्रम में डॉ रीता गर्ग, डॉ निशा गुप्ता, डॉ आभा आदि रहीं।