योगी सरकार के डग्गामारी, ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के बाद एआरटीओ विभाग भी हरकत में आ गया है। एआरटीओ प्रवर्तन ने अभियान चलाकर ओवरलोड़ वाहनों पर शिकंजा कसा है। करीब 16 वाहनों को सीज करने के साथ साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। वहीं, डग्गामारी में कई सफेदपोशों के शामिल होने पर विभागीय अफसरों ने हाथ पीछे खींच रखे हैं।
परिवहन आयुक्त ने प्रदेश भर के संभागीय परिवहन विभाग, रोडवेज डिपो, ट्रैफिक पुलिस को संयुक्त रुप से अभियान चलाकर डग्गामारी, ओवरलोडिंग तथा अनियंत्रित रूप से खड़े होने वाले वाहनों को सीज करने के आदेश जारी किए हैं। इसे लेकर तीनों विभागों के अधिकारियों ने जिले की सीमाओं पर अभियान चलाया हुआ है।
डग्गामारों के विरुद्ध कार्रवाई कर दर्जनों टाटा मैजिक, मैक्स, वैन, जीप के साथ बड़ी लग्जरी बसें सीज की गई हैं। वहीं, एआरटीओ प्रवर्तन सुभाष राजपूत ने टीम के साथ जानसठ मार्ग, बुढ़ाना, मेरठ रोड़ के साथ सहारनपुर मार्ग पर अभियान चलाया। इस दौरान करीब 16 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ा गया।
ट्रक चालक के पास परमिट के साथ लोडिंग संबंधित कागजात नहीं मिले हैं। इस पर कार्रवाई कर एआरटीओ प्रवर्तन ने सभी ट्रकों को सीज कर तत्काल करीब साढ़े तीन लाख रुपये का जुर्माना वसूला है।
संपर्क मार्गों पर सक्रिय हुए डग्गामार
मुजफ्फरनगर। अभियान के बाद भी देहात के संपर्क मार्गों पर डग्गामार फिर से सक्रिय हो गए हैं। इन पर शिकंजा कसने के लिए विभागीय अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को भी अधिकारियों ने मार्ग पर उतरकर जांच पड़ताल की, लेकिन कोई वाहन नहीं मिल सका। वहीं, डग्गामारी में कई सफेदपोश नेता शामिल हैं। जिन पर कार्रवाई करने में विभागीय अधिकारी हाथ खींच रहे हैं।