गंगनहर से बरामद शव दिल्ली के प्रवीण का निकला
खतौली/पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। गंगनहर में मोहल्ला सर्राफान के सामने युवक का शव मिला। शव की पहचान दिल्ली के एम्स स्टाफ क्वार्टर निवासी प्रवीण के रूप में हुई, जिसके बाद परिजनों के आने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गंगनहर पटरी मार्ग पर मोहल्ला सर्राफान के सामने गंगनहर में रविवार सुबह राहगीरों ने पानी में युवक का शव देख पुलिस को इसकी सूचना दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकालकर उसकी पहचान कराने के प्रयास किए। जानकारी मिलने पर पुरकाजी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव के फोटो दिल्ली निवासी प्रवीण व निखिल के परिजनों को भेजे, जिसके बाद शव की पहचान एम्स स्टाफ क्वार्टर निवासी प्रवीण के रूप में हुई। प्रवीण का शव मिलने पर उसके परिजन खतौली पहुंचे और शव की पुख्ता पहचान की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। प्रवीण व निखिल पुरकाजी गंगनहर पटरी मार्ग पर गांव कम्हेड़ा के सामने तेज रफ्तार कार गंगनहर में गिरने से पानी में बह गए थे, जबकि कार सवार दो युवतियों को पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकाल लिया था। इनमें से आरती नामक युवती की मौत हो गई थी, जबकि प्रिया को उसके परिजन दिल्ली रेफर कराकर ले गए थे। प्रवीण का शव मिलने के बाद अब पुलिस लापता दूसरे युवक निखिल की तलाश में जुट गई है। उधर, पुरकाजी इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह यादव का कहना है कि गंगनहर में बहे प्रवीण का शव खतौली गंगनहर से मिल गया है, जबकि निखिल की लगातार तलाश की जा रही है। यदि पीड़ित परिजन किसी तरह की तहरीर देते हैं तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।