मुजफ्फरनगर में सरकारी सस्ते गल्ले के राशन वितरण में धांधली के चलते 12 दुकानें निरस्त कर दी गई हैं। पांच दुकानों की प्रतिभूति राशि सरकार के पक्ष में जब्त कर दी गई। घटतौली के चलते तीन गैस एजेंसियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव ने बताया कि आवश्यक वस्तुओंं के वितरण में पारदर्शिता बनाने के लिए आपूर्ति विभाग और प्रवर्तन के द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में 12 दुकानें निलंबित की गई हैं। इनमें मांडी में जिलेदीन की दुकान, सांझक में गय्यूर की, सैदपुरकलां में मेहरबान और इस्लाम, अलीपुरकलां में रामपाल, गादला में लाल सिंह, नावला में सहेंद्र सिंह, जंधेडी में बुद्धप्रकाश, जौला में हुसैन अहमद, शेरनगर में सोमवती, जानसठ में मोहिनी देवी की दुकान शामिल है।
सूजडू के चंद्रकिरण, काजीखेड़ा के ओमपाल, मंधेड़ा के बेगराज, तिगरी के वेदपाल, लिसौढ़ा के संदीप की दुकान निरस्त करते हुए प्रतिभूति के रूप में जमा धनराशि 52 हजार 250 रुपये और 33 हजार 782 रुपये का गेहूं, चावल, चीनी जब्त किया है।
चार दुकानों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। आपूर्ति विभाग ने घरेलू गैस सिलेंडरों की जांच की। तीन गैस एजेंसियों का घटतौली के चलते चालान किया गया। डीएसओ ने बताया कि दुकानों के सत्यापन के लिए डीएम ने नोडल अधिकारी तैनात किए हैं।