रतनपुरी में कबड्डी में दमखम दिखाते खिलाड़ी।
- फोटो : KHATAULI
रतनपुरी। श्री प्राणनाथ इंटर कालेज रतनपुरी के प्रांगण में ब्रह्ममुनि श्री जगदीश चंद्र जी के जन्मोत्सव पर यूथ गेम्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में दो दिवसीय चौथी जिलास्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के प्रथम दिन बालक वर्ग के मैच ही हुए। शुक्रवार को आयोजित जूनियर वर्ग में टोडा की टीम ने भनवाड़ा की टीम को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में सलावा की टीम ने बुढ़ाना को हराया। रतनपुरी की टीम ने रामपुर को परास्त किया। सब जूनियर वर्ग में टोडा की टीम ने मोरना की टीम को हराया। सीनियर वर्ग में कांटे का मुकाबला देखने को मिला, जिसमें नन्हेड़ा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीवना को मात्र एक अंक से पराजित किया
प्रतियोगिता का उद्घाटन श्री प्राणनाथ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य नरेश कुमार एवं भाकियू के खतौली तहसील अध्यक्ष कपिल सोम ने किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य नरेश कुमार ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिता से बालकों में सर्वांगीण विकास के साथ साथ बालकों में टीम भावना का विकास होता है। आयोजक मोहित सोम ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने खिलाड़ियों में से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हेतु खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। उक्त प्रतियोगिता बालक व बालिका वर्ग में सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर तीनों स्तर पर आयोजित होगी।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालिका वर्ग के मैच आयोजित होंगे। कबड्डी मैचों में संजय नन्हेड़ा, अमित चौधरी सहारनपुर, शाहनवाज बरला और नरेश टोडा ने मैच रेफरी की भूमिका निभाई। आयोजन समिति में पिंकू सोम, मोहित सोम, बिन्नी उर्फ विनित सिरोहा, हर्ष सोम, विक्रम सिंह, मोनू सोम, सुबोध सोम, अंकुर सोम, पीयूष, संजय सोम, अरविंद उर्फ काका आदि का सहयोग रहा।