मुजफ्फरनगर। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का पांच दिसंबर को मुजफ्फरनगर-टपरी रेलवे ट्रैक दोहरीकरण का उद्घाटन करने के लिए आने का प्रोग्राम तय हो चुका है।
इसके चलते शनिवार को डीआरएम अरुण अरोड़ा ने स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान पाई गई खामियों में सुधार लाने के निर्देश अधीनस्थों को दिए।
शनिवार दुपहर स्पेशल ट्रेन से दिल्ली डिवीजन के डीआरएम अरुण अरोड़ा नगर के रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। आरक्षण खिड़की पर टिकट वितरण व्यवस्था देखी। वेटिंग रूम में मुसाफिरों से परेशानी पूछी। साथ ही अधीनस्थों से सुविधाओं की जानकारी ली।
साफ-सफाई का जायजा लिया। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान समाजसेवी कन्हैया लाल किंगर ने स्टेशन पर सफाई व्यवस्था का मामला उठाया। उन्होंने स्टेशन पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने की मांग की।
डीआरएम ने स्टेशन स्टाफ से साफ-सफाई, डिस्प्ले बोर्ड और पार्सल व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। इस बीच दैनिक रेल यात्री संघ के पदाधिकारियों ने कोहरे में ट्रेनों के रद होने से परेशानी बताई। नई ट्रेनों के साथ ही सभी ट्रेनों के स्टॉपेज बनाने की मांग उठाई।
डीआरएम ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। डीआरएम ने बताया कि इलेक्ट्रिक ट्रेनों के संचालन के लिए तैयारी लगभग पूरी हो गई हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह पाल, स्टेशन अधीक्षक विपिन त्यागी, जीआरपी थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी, आरपीएफ इंस्पेक्टर सोनी शर्मा, घनश्याम भगत, कन्हैया लाल, मुलकराज तागड़ा, जितेंद्र तोमर, आदि रहे।
रेलवे ट्रैक दोहरीकरण का उद्घाटन करने के लिए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा पांच जनवरी को सुबह 11 बजे नगर के रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे। कपिलदेव अग्रवाल ने बताया कि समारोह में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान भी रहेंगे।