मुजफ्फरनगर। जिले में फिल्माई गई देहाती फिल्म अलझ-पलझ के अवार्ड समारोह में कलाकारों की महफिल सजी। देहाती फिल्मों के हीरो उत्तर कुमार और कविता जोशी ने कई गानों पर प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। प्रदेश के राज्यमंत्री विजय कश्यप, विधायक विक्रम सैनी और उमेश मलिक ने कलाकारों को सम्मानित किया।
मंसूरपुर के देवराना में आयोजित समारोह में अलझ-पलझ फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीशियन, स्टोरीराइटर, मेकअप मैन, निर्देशक निर्माता, संवाद लेखक, गीतकार, संगीतकार, गायक सभी को सम्मानित किया गया। उत्तर कुमार को सदाबहार हीरो अवार्ड से नवाजा गया और कविता जोशी को देहाती फिल्मों की सदाबहार हीरोइन का अवार्ड मिला। कलाकार विकास बालियान, फिल्म निर्देशक दिनेश कुमार, फिल्म निर्माता ओपी राय, प्रताप धामा, लेखक कृष्णपाल भारत, राजवीर सिंह डांगी और मनु वर्मा, कलाकार उषा देवी, संतोष जांगरा, राजीव सिरोही, प्रिया संधू, सपना चौधरी, सुरजीत सिरोही, अमित सहोटा, राजेंद्र कश्यप, रतनपाल चौधरी, अरविंद मलिक, मोनू धनकड़, मोनू सहरावत, प्रिंसी, दिव्यानी शर्मा, अंशिका, बिजेंद्र सिंह के साथ एडिटर हरीश चंद्रा, कैमरामैन अंकित चौधरी आदि को भी सम्मानित किया गया।
राज्यमंत्री विजय कश्यप ने कहा कि देहाती फिल्म न केवल मनोरंजन देती हैं बल्कि साथ ही संदेश भी देती है। वह प्रयास करेंगे कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश देहाती फिल्म संघ बने। ऐतिहासिक धाकड़ छोरा फिल्म उनके ही विधानसभा क्षेत्र के कुरालसी गांव में बनी थी। खतौली विधायक विक्रम सैनी ने कहा कि जिले में देहाती फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा। देवराना के हरेंद्र सिंह ने आयोजन की सराहना की। जिले से जुड़े फिल्म कलाकार विकास बालियान कार्यक्रम का संचालन किया। आयोजन एमडी म्यूजिक चैनल के प्रबंध निदेशक रतनपाल चौधरी ने किया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन अमित कुमार, एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, एसडीएम खतौली अजय अंबष्ट, सीओ खतौली आशीष कुमार, सीओ सदर कुलदीप कुमार आदि रहे।