हैदराबाद कांड के दोषियों को सजा दो
खतौली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद की डॉक्टर बिटिया की हत्या की घटना को लेकर कड़े शब्दों में निंदा की। कार्यकर्ताओं ने दोषियों को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
मंगलवार को एबीवीपी के कार्यकर्ता एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद की डॉक्टर बिटिया की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विद्यार्थी परिषद नारी शक्ति के सम्मान में सदा अग्रसर रहती है। विद्यार्थी परिषद हैदराबाद में घटित डॉक्टर बिटिया के साथ जघन्य कृत्य का पुरजोर विरोध करती है और दोषियों को कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत फांसी की सजा की मांग करती है। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन एसडीएम अजय कुमार अंबष्ट को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि शीघ्र दोषियों को कठोर दंड की सजा देकर भविष्य में इस प्रकार के जघन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के आदेश पारित करें। ज्ञापन सौंपने वालों में अभिषेक राना, अभिषेक राजपूत, माधव गुप्ता, गुरुदत्त अरोरा, विवेक रहेजा, अजय ग्रेड, विशाल पाल, विभांशु शर्मा, आशीष भूटानी, विनोद चौहान, मोहित धारीवाल आदि शामिल रहे।