कालाबाजारी से जनता त्रस्त
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। लॉकडाउन और कस्बे में मिले कोरोना संक्रमण मरीजों के बाद कस्बे के बाजार बंद होने के कारण कालाबाजारी चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। नतीजतन उपभोक्ताओं को महंगे दामों पर सामान खरीदना पड़ रहा है।
पुरकाजी कस्बे में छह लोगों के कोरोना संक्रमण मिलने पर कस्बे के बाजार 22 अप्रैल से पूर्णतया बंद हैं। मात्र राशन व दूध और सब्जी, दवाईयों आदि की ही औपचारिक होम डिलीवरी हो पा रही है। इसके अलावा सीमेंट, बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला, तंबाकू आदि के दाम आसमान छू रहे हैं। नतीजतन उपभोक्ता उक्त सामान तीन से चार गुना दामों पर खरीदने को मजबूर हैं। रविंद्र चौधरी, गोल्डी राठी, सोनू राठी, जल सिंह, ब्रजबीर राठी, मुकेश राठी आदि लोगों का कहना है कि लॉकडाउन के चलते जहां लोगों के व्यापार बंद पड़े हुए हैं, वहीं कुछ व्यापारी आम जनमानस का उत्पीड़न कर रहे हैं। ऐसे लोगों के विरुद्ध जनहित में कार्रवाई होनी जरूरी है। इस संबंध में एसडीएम सदर अशोक कुमार से जानकारी की गई तो उनका कहना है कि कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।