पिलखनी में क्रय केंद्र की मांग को लेकर धरना
मुजफ्फरनगर, चरथावल। पिलखनी गांव के किसानों ने दूसरे गांव में क्रय केंद्र पर गन्ना आपूर्ति कराने की मांग की है। किसानों ने भाकियू नेताओं के नेतृत्व में नए केंद्र खोलने की मांग को लेकर धरना दिया।
शनिवार को भाकियू सदर तहसील अध्यक्ष विकास शर्मा के नेतृत्व में किसानों ने धरना देकर हंगामा शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है समिति के वादे के मुताबिक 15 दिन बाद भी पिलखनी में थानाभवन शुगर मिल का नया केंद्र नहीं लगा है, जिससे किसानों को कान्हाहेड़ी केंद्र पर तौल के लिए जाना पड़ता है। उस केंद्र का इंडेंट कम होने के कारण कई बार पिलखनी के किसानों को क्लर्क बिना तौल के वापस कर देता है, जिससे किसानों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू नेता विकास ने बताया कि इस गांव के किसान दो साल पहले बलवाखेड़ी केंद्र से जुड़े थे। वहां आने जाने में दिक्कतों की वजह से दो साल पहले कान्हाहेड़ी केंद्र पर लगाया गया, लेकिन वहां भी समस्या जस की तस है। किसानों ने शीघ्र नया बी केंद्र खुलवाने की मांग की है। चरण सिंह, अमर सिंह ठाकुर कृष्ण सिंह, महिपाल सिंह, गुलाब सिंह कश्यप, महेंद्र सिंह सैनी, ललित कुमार, अक्षय कुमार, अंकुर कुमार, सुधीर कुमार, मामचंद, ठाकुर सतीश, सरफराज त्यागी, पप्पू राणा, संजीव कुमार सचिन कुमार, राहुल सिंह और पवन त्यागी मौजूद रहे। उधर, रोहाना समिति सचिव शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि नया केंद्र शासन स्तर की बात है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए केंद्र पर इंडेंट बढ़वाया जाएगा।