बिजली की बढी दरों के विरोध में कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करते शिव सेना कार्यकर्ता ।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बिजली के दामों में बढ़ोतरी के खिलाफ प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। प्रदेश में महंगी बिजली के खिलाफ शिवसैनिकों ने नगर में प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट में नारेबाजी करते हुए डीएम कार्यालय के बाहर बिजली के बल्ब फोड़े और बाद में धरना देकर बैठ गए। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन डीएम कार्यालय में दिया।
शनिवार को शिवसेना कार्यकर्ता प्रकाश मार्केट स्थित जिला कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से शिवसैनिक जिला प्रमुख नरेंद्र पंवार के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां पर नारेबाजी करते हुए साथ में लाए बिजली के बल्ब सड़क पर फेंककर फोड़े। बाद में डीएम कार्यालय के बाहर धरना देकर बैठ गए। इस दौरान जिला प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में जब से भाजपा की सरकार बनी है, बिजली के दामों में तीन बार बढ़ोतरी कर दी गई है। बिजली मूल्य में बढ़ोतरी पूरी तरह जन विरोधी है। इस अवसर पर शिवसेना नेता शरद कपूर, आनंद प्रकाश गोयल, राजेश कश्यप ने कहा कि अन्य प्रदेशों में बिजली की दरें काफी कम हैं। नगर प्रमुख देवेंद्र चौहान ने कहा कि बिजली दरों में बढ़ोतरी से आम जनमानस की कमर टूट चुकी है। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर बिजली की दरें कम करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शनकारियों में मंडल प्रमुख मुकेश त्यागी, नगर प्रमुख देवेंद्र चौहान, आलोक अग्रवाल, अनुज चौधरी, चमनलाल कुकी, राजेश शर्मा, लोकेश सैनी, वैभव एडवोकेट, ओमकार पंडित, संजय चौधरी, राजन वर्मा, कमलदीप, आशीष मिश्रा, भुवन मिश्रा, विनोद शंकर आदि शामिल रहे।