देवबंद। हाईवे से धार्मिक स्थलों को स्थानांतरित करने की कार्रवाई को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है। संगठन कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अपना विरोध दर्ज कराया।
बजरंग दल के जिला संयोजक अक्षय धीमान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सीओ रजनीश उपाध्याय को ज्ञापन सौंपा गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 2011 के बाद सड़कों किनारे बने धार्मिक स्थलों को हटाकर दूसरी जगहों पर स्थानांतरित करने की घोषणा की थी। जिसका स्वागत किया गया। देवबंद नगर में हाईवे किनारे कई धार्मिक स्थल हैं। आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन धार्मिक स्थलों को हटाने में भेदभाव कर रहा है। फ्लाईओवर के नीचे भूमिया खेड़ा मंदिर को हिंदू समाज की बिना सहमति के प्रशासन हटवाना चाहता है। जबकि उससे कुछ दूरी पर स्थित कब्रिस्तान को स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। प्रशासन के इस दोहरे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चेतावनी दी यदि भूमियाखेडा मंदिर के हटाने से पहले कब्रिस्तान को स्थानांतरित नहीं किया गया तो बजरंग दल विरोध करेगा। ज्ञापन देने वालों में मुकेश कुमार, मोहित कुमार, अनुज कुमार, अश्वनी कुमार, आकाश राणा, विजय प्रताप और विक्रम राणा आदि मौजूद रहे।