डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन करते भौरा कलां के ग्रामीण
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
बेसहारा पशुओं को पकड़वाने को डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। खेतों में फसलों को बर्बाद करने वाले बेसहारा पशुओं से परेशान किसानों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन किया। मायूस किसानों ने आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह को शिकायती पत्र दिया। डीएम ने मामले में कार्रवाई के लिए सीडीओ को निर्देश दिए।
बुढ़ाना तहसील के गांव भौरा कलां के किसानों ने बताया खेतों में लहलाती फसलों को आवारा पशु बर्बाद कर रहे है। इस समस्या को लेकर सैकड़ों लोग मंगलवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। डीएम को बताया कि निराश्रित पशुओं की संख्या करीब 400 है। पशुओं का झुंड खेतों में घुसकर फसलों को नष्ट करता है। पीड़ित किसान कड़कड़ाती ठंड में रात दिन पहरा देने को मजबूर है। पिछले दिनों सांड़ के हमले से एक युवक दम तोड़ चुका है। जिससे खेतों में अकेले काम पर जाने में किसान और उनके परिजन खौफजदा है। खेतों में रात-दिन पशुओं का जमावड़ा रहता है। किसान लाचारी में ठंड में पहरा देने को मजबूर है। ग्रामीण रोहित बालियान ने बताया खेतों में खड़ी सरसों, गेहॅूं और बरसीम की हजारों बीघा फसल को भारी नुकसान हो चुका है। प्रदेश के सीएम ने आदेश पर जिले में कई गोशालाएं और आश्रय स्थल खुले है। बावजूद इनके कोई अधिकारी और कर्मचारी निराश्रित पशुओं को पकड़वाने में दिलचस्पी नहीं लेता है। प्रशासन की उदासीनता के चलते किसानों को भारी क्षति हो रही है। ग्रामीण संजीव कुमार, रोहताश, रोहित बालियान, देवेंद्र, सोहन पाल, वीरेंद्र सिंह, सुबोध बालियान, ब्रजपाल चेयरमैन, बबलू शर्मा, बिल्लू सिंह, हरिगोपाल, राज सिंह शर्मा और रामपाल आदि ने डीएम से बर्बाद फसलों का मुआवजा दिलाने और बेसहारा पशुओं का पकड़वाने की मांग की है।