भागवंती की छात्रा ने जिले में पाया दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। भागवंती सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की छात्रा प्रिया बंधानी ने हाई स्कूल की परीक्षा में जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। प्रिया का कहना है कि उसकी इच्छा बड़ी कंपनी की सीईओ बनने की है। इसके लिए वह कड़ी मेहनत करेगी।
प्रिया बंधानी ने हाई स्कूल में 600 में से 553 अंक प्राप्त किए हैं। 92.16 प्रतिशत अंक पाने वाली प्रिया बंधानी का कहना है कि उसे पहले से ही उम्मीद थी कि वह अच्छा करेगी। पिता दिनेश कुमार मंदिर में पुजारी हैं और मां संतोष घरेलू महिला है। बेटी की उपलब्धि से पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। तीन भाई बहनों में प्रिया की बड़ी बहन श्रेया 12वीं और भाई अनिल कक्षा सात में पढ़ रहे हैं। पिता पटेलनगर के एक मंदिर में पुजारी है। प्रिया का कहना है कि उसे बैडमिंटन खेलने का शौक है। उसने प्रतिदिन आठ से दस घंटे पढ़ाई की। वह कॉमर्स के माध्यम से पढ़ाई कर रही है और उसकी इच्छा सीईओ बनने की है। उसके परिजन और शिक्षक उसका पूरा सहयोग कर रहे हैं।