तितावी। क्षेत्र के बुड़ीना कलां गांव से संदिग्ध हालात में लापता हुए अनुसूचित जाति के युवक प्रिंस (18) का शव हिंडन नदी किनारे पड़ा मिला। नाराज परिजनों ने थाने का घेराव किया, जिसके बाद पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। भाकियू और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिया।
बुधवार रात ढिंढावली और सावटू गांव के पास हिंडन नदी में शव मिला था। मृतक की पहचान बुड़ीना कलां के प्रिंस के रूप में हुई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि 23 सितंबर को प्रिंस को आरोपी बाइक पर बैठाकर ले गए थे और हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने घटना के खुलासे के लिए थाने पर धरना प्रदर्शन किया। कई घंटे तक हंगामे के बीच भाकियू नेता धीरज लाटियान भी पहुंचे। नायब तहसीलदार अमित कुमार ने लोगों को समझाया। आसपास के थानों की पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस ने मृतक के भाई सीटू की तहरीर पर हत्या और एससी/एसटी एक्ट में बुड़ीना कलां के आशु, रोहित, भूल्ला ,अर्जुन और चरौली के शावेज़, मोहित और शाहिद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों को आठ लाख 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने आश्वासन दिया गया। इस मौके पर विकास लाटियान, रमेश मलिक, कपिल, फ़राद, सविता,सीता, पूनम, स्वाति, नानकौर, सरोज, बबली, सुमन, माया मौजूद रहीं।
प्रिंस फाइल फोटो- फोटो : samvad
प्रिंस फाइल फोटो- फोटो : samvad