कालाबाजारी के कारण बाजार में गेहूं का भाव गिरा
मुजफ्फरनगर। कोरोना काल में सस्ते गल्ले की दुकान से लगातार उपभोक्ताओं को गेहूं मिल रहा है। अपात्र उपभोक्ताओं के पास जरूरत से ज्यादा गेहूं होने के कारण उसे बाजार में कम दाम पर बेच रहे हैं। यही वजह है कि बाजार में गेहूं का भाव निरंतर कम हो रहा है। बाजार में गेहूं का भाव 1500 रुपये क्विंटल पर पहुंच गया है। जिन व्यापारियों ने स्टॉक लगा रखा था वह सब घाटे में चले गए हैं। घर पर गेहूं रोकने वाले किसानों को भी अब घोषित दाम से चार सौ रुपये क्विंटल कम दाम मिल रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि उनकी याद में ऐसा पहली बार हुआ है कि सीजन के बाद गेहूं के दाम इतने नीचे चले गए।
गेहूं के सीजन में बाजार भाव लगभग दो हजार रुपये ही क्विंटल चला। सरकार किसानों से सीधे 1940 रुपये क्विंटल में खरीदारी कर रही थी, इस कारण बाजार का भाव 50-60 रुपये ज्यादा ही था। एक महीने पहले तक बाजार में गेहूं के दाम 1900 से लेकर 2000 तक ही चल रहे थे। कोरोना महामारी के चलते सरकार के आम उपभोक्ताओं को गेहूं और चावल का लगातार वितरण करने से बाजार के दाम प्रभावित हो गए हैं। आम आदमी को जितने गेहूं और चावल की एक साल के लिए आवश्यकता है, उतना उसने स्टॉक कर लिया है। अब वह बचा हुआ राशन का गेहूं बाजार में बेच रहा है। दो रुपये किलो का गेहूं और तीन रुपये किलो का चावल बाजार में आराम से 14-15 रुपये किलो बिक जाता है। दूसरे आम उपभोक्ता चक्की से आटा खरीदता था। चक्की वाले मंडी से गेहूं की खरीदारी करते थे। इस बार चक्कियों पर आटे की बिक्री नहीं है। आम आदमी राशन से मिला गेहूं पिसवा कर अपना काम चला रहा है। मंडी में गेहूं की बिक्री का चक्र टूट गया है। जिन व्यापारियों के यहां गेहूं का स्टॉक है सब घाटे में चले गए हैं। मंडी एसोसिएशन के मंत्री श्याम सिंह सैनी का कहना है कि कुछ दिनों से गेहूं मंडी में 1500 रुपये क्विंटल खुलेआम बिक रहा है। ऐसे में उन किसानों के सामने भी संकट खड़ा हो गया है, जो यह सोचकर गेहूं रोक लेते हैं कि बाद में अच्छे दाम मिल जाएंगे। इस बार उन्हें 400 रुपये क्विंटल के घाटे से बेचने पड़ रहे हैं। मंडी के गेहूं व्यापारी रविंद्र कुमार का कहना है कि उनकी याद में ऐसा पहली बार हुआ है कि गेहूं सरकार के घोषित दाम से इतने कम दाम में बिक गया। सीजन से कम दामों में गेहूं की बिक्री शायद ही कभी होती हो। एक माह से मंडी में गेहूं काफी मंदा है। व्यापारी अच्छा गेहूं 1600 रुपये क्विंटल बेच रहे हैं। खरीदारी 1500 के लगभग में हो रही है।