सरकुलर रोड पर सुबह बारिश में गिरा पेड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पेड़ टूटने से बाधित हुई बिजली आपूर्ति
मुजफ्फरनगर। शनिवार सुबह चार बजे से शहर में जोरदार बारिश हुई, जो 72 मिमी दर्ज की गई। यह इस सीजन में सबसे अधिक बरसात है। झमाझम पानी बरसने पर शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। शहर के शिवचौक, प्रकाश चौक और महावीर चौक पर सुबह के समय लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। इसी दौरान सरकुलर रोड और अलमासपुर रोड पर तेज हवा के कारण पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
शुक्रवार को पूरे दिन भीषण गर्मी से जूझते लोगों को शनिवार की सुबह उस समय राहत मिली जब अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। एक घंटे के बाद शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया। शिवचौक, प्रकाश चौक और महावीर चौक पर भी जल भराव हो गया। मौसम विभाग ने 72 मिमी वर्षा रिकार्ड की। बरसात से आम आदमी को गरमी से राहत मिली। सरकुलर रोड और जानसठ रोड पर अलमासपुर के पास पेड़ टूट कर बिजली की लाइन पर गिर गए, जिससे दिन में कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, छपार के गांव खुड्डा में विद्युत लाइन का नवीनीकरण किया जा रहा है, जिससे दिन में घंटों बिजली बंद रहती है। भाकियू कार्यकर्ता गुलफाम व मुरसलीन का कहना है कि बिजली विभाग को कई बार अवगत भी कराया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों में भारी रोष है। बिजली घर के जेई जावेद अख्तर का कहना है कि केबिल डाला जा रहा है उसके लिए टुकड़ों में शटडाउन लिया जा रहा है।