खतौली में सफेदा रोड पर टूटी सड़क।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर, खतौली। प्रदेश सरकार द्वारा गड्ढा मुक्त सड़क लोगों को दिए जाने का सपना पूरी तरह सच नही हो पा रहा है। जीटी रोड सहित संपर्क मार्ग पर भी गहरे गड्ढे यात्रियों के लिए परेशानी बने हुए है।
कस्बे में जीटी रोड पर गांव भैंसी में जलभराव के कारण सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है, जिस कारण यहां से वाहनों का निकलना दूभर हो जाता है। ऐसा ही हाल मीरापुर मार्ग का भी है, उस मार्ग पर भी गड्ढे बने हुए है। बुढ़ाना रोड पर भी अंडर पास के निकट सड़क में बने गड्ढे यात्रियों के लिए मुसीबत बने है। जीटी रोड से होकर सफेदा मार्ग से शेखपुरा, मिल जाने वाला मार्ग भी खस्ता हाल में है। बरसात के दिनों में इसकी हालत और अधिक खराब हो जाती है। यह मार्ग दर्जन भर गांवों को जोड़ने का काम करता है। इस मार्ग से ही गन्ने से भरे किसानों के वाहन जाते है। ट्रकों से इसी मार्ग से गन्ना शुगर मिल पहुंचता है। शेखपुरा मोड़ पर कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी है। नगरवासी अमित, रितिक, आसू, जितेंद्र, रविंद्र, फरीद आदि का कहना है कि बरसात के बाद अधिकांश मार्गों में गड्ढे बन गए है। इन गड्ढों में रात के समय वाहन गिरकर खराब हो जाते है, दिन के समय में भी गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द सड़कों को गड्ढा मुक्त कराया जाए, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।