सस्ते रेट पर हो रही आलू-प्याज की खूब खरीदारी
मुजफ्फरनगर। आलू, प्याज और टमाटर के बढ़ते दाम को रोकने का प्रशासन का प्रयास सफल होता दिखाई दे रहा है। दो जगह बनाए बिक्री केंद्रों पर प्रतिदिन छह क्विंटल आलू, एक क्विंटल टमाटर और ढाई क्विंटल प्याज की बिक्री हो रही है।
जिला प्रशासन ने आलू, प्याज और टमाटर के दामों पर अंकुश के लिए नवीन मंडी स्थल के दो मुख्य द्वारों के पास बिक्री केंद्र बनाए गए। इन दोनों बिक्री केंद्रों पर आलू, प्याज और टमाटर के स्टॉल लगाए गए। एक ग्राहक को एक किलो टमाटर, एक किलो प्याज और दो किलो आलू के हिसाब से बिक्री की गई। आलू 30 रुपये किलो, प्याज और टमाटर 35 रुपये किलो दिए गए। खरीदारों की लगातार भीड़ बनी हुई है।
आरएमओ कमलेश कुमार ने बताया कि पहले दिन छह क्विंटल आलू, एक क्विंटल टमाटर और ढाई क्विंटल प्याज की बिक्री हुई जो लगातार बनी हुई है। प्रशासन के बिक्री केंद्र खोल दिए जाने से बाजार में आलू के दाम गिरने लगे है, अब 40 रुपये किलो आम हो गया है। टमाटर और प्याज के रेट भी गिरने लगे है, अब दोनो बाजार में 50 रुपये किलो पर आ गए है। त्यौहार के बाद दाम तेजी से गिरने की संभावना बन गई है।