फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Muzaffarnagar: गीतिका कपूर बनकर पेपर मिल डायरेक्टर से की मीठी-मीठी बातें, एक करोड़ की साइबर ठगी, एक गिरफ्तार

Wed, 15 Jul 2026 05:27 PM IST
Mohd Mustakim अमर उजाला नेटवर्क, मुजफ्फरनगर

सार

पेपर मिल के सलाहकार निदेशक डीसी शर्मा से फेसबुक पर गीतिका कपूर नाम बताकर भावनात्मक बातें की गईं और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक करोड़ रुपये ठग लिए। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : Meta AI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर दोस्ती कर निवेश में अधिक लाभ दिलाने के नाम पर एक करोड़ एक लाख दो हजार की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य सहारनपुर के गंगोह निवासी शहनवाज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले में पूर्व में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। म्यूल खातों में पैसा मंगा कर ठगी की गई थी।
विज्ञापन

 

एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने प्रेसवार्ता कर बताया कि एक पेपर मिल के सलाहकार निदेशक डीसी शर्मा से फेसबुक पर गीतिका कपूर उर्फ ''जीजी'' ने भावनात्मक संबंध बनाकर डीजीएक्ससी नामक वेबसाइट पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया। उनसे एक करोड़ एक लाख दो हजार रुपये ठग लिए। 

वेबसाइट पर करोड़ों रुपये का फर्जी लाभ भी दिखाया गया। धन निकासी के समय आरोपियों ने ''फाइनल वेरिफिकेशन'', ''डेटा रिपेयरिंग'', ''एंटी मनी लॉन्ड्रिंग प्रोसेस'' आदि के नाम पर लगातार और धन जमा कराने का दबाव बनाया तो ठगी का पता चला।
 

साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह व उनकी टीम ने कार्रवाई कर इस मामले में गंगोह निवासी शहनवाज उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया। इससे पहले गंगोह के मोहल्ला इलाहीबख्श निवासी अब्दुल कादिर, ओडिशा के गांव बेलपहाड़ निवासी व अलीगढ़ में रहने वाले मोहम्मद आकिब अली, मध्य प्रदेश निवासी निखिल त्रिपाठी, छत्तीसगढ़ के जिला बलरामपुर के गांव पंडरी निवासी बलवंत जायसवाल, दिल्ली के स्वरूप नगर थाने की नंगली पुणे कॉलोनी निवासी मोहित कुमार को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
 

इसके अलावा पंजाब के बठिंडा की वीर कॉलोनी निवासी हरीश जैन व मध्य प्रदेश के ग्वालियर के हनुमान कॉलोनी डाबरा निवासी विवेक बंजारा को भी इस मामले में कोर्ट के माध्यम से तलब कर आरोपी बनाया गया है। इन दोनों के अलावा पुलिस को फैजुल उर्फ फुजैल, उबेद व साकिब की तलाश है। इस प्रकरण में अब तक बरामद लगभग 23 लाख रुपये आरोपियों के खातों में फ्रीज कराकर पीड़ित के खाते में वापस कराने की कार्रवाई कराई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का चालान कर दिया गया है।
 

कमीशन के लालच में फंसे
गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अधिक पढ़ा-लिखा नहीं है। उसके दोस्त फैजुल उर्फ फुजैल ने उसे बताया कि उसके साले आकिब अली व सादिक ट्रेडिंग का काम करते हैं और बैंक खातों में पैसा मंगवाने पर कमीशन देते हैं। इस लालच में उसने अपने साले अब्दुल कादिर को तैयार किया, जिसने अपने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक, पीएनबी, इंडियन ओवरसीज बैंक तथा अपने दोस्त शमीम के कोटक बैंक के खातों की जानकारी उसे दी।
विज्ञापन

इन खातों को उसने फैजुल को उपलब्ध करा दिया। अब्दुल कादिर के खाते में तीन लाख रुपये आए थे। चेक से रुपये निकालकर उसने उसे दिए। यह रकम उसने फैजुल को दे दी। उसने व कादिर ने अपना कमीशन काट लिया था। फैजुल ने यह रुपये उबेद, साकिब व आकिब अली के खातों में जमा कराए थे। यह काम उसने कमीशन के लालच में आकर किया था।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें