छपार। जनसंख्या समाधान फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष शक्तिमोहन सिंह ने कहा कि जनसंख्या पर कठोर नियंत्रण करने से ही भारत आत्मनिर्भर होकर अखंड विकसित राष्ट्र बनेगा।
थाना क्षेत्र के गांव खिंदड़िया में मंगलवार को साप्ताहिक बैठक में फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नीलकंठ ने कहा कि मजहब वाद व जातिवाद देश के लिए खतरनाक हैं। देश को अखंड व हिंदू राष्ट्र बनाकर विश्वगुरु बनाना है तो धर्मवाद व जातिवाद से ऊपर उठकर देश में कठोर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करना ही होगा। राष्ट्रीय सचिव धर्मेंद्र धामा, राष्ट्रीय प्रचारक विनय हिंदू और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी रविंद्र गुर्जर ने कहा कि देश में गरीबी और बेरोजगारी के लिए भी बढ़ती जनसंख्या ही जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि देश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू कराने और इससे लोगों को अवगत कराने के लिए फाउंडेशन सात फरवरी से देशभर में साप्ताहिक मिलन बैठक का आयोजन करेगा। हर माह के अंतिम शुक्रवार को जिला स्तर पर धरना देकर डीएम के माध्यम से ज्ञापन प्रधानमंत्री को सौंपकर जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने की मांग की जाएगी। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को क्षेत्र के गांव छपरा, सिमरथी व ताजपुर में बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया। ज्ञानेंद्र सिंह, बिजेंद्र, नकली सिंह, मांगे सिंह, सुखपाल, मास्टर शिवकुमार, ऋतुप्रण, राजबल, भंवरसिंह, सुभाष सिंह और जितेंद्र आदि मौजूद रहे।