मुजफ्फरनगर संसदीय सीट पर लोकसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। मुजफ्फरनगर लोकसभा क्षेत्र के 16 लाख 92 हजार 313 मतदाता दस प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस सीट पर गठबंधन प्रत्याशी रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह एवं भाजपा प्रत्याशी डा. संजीव बालियान की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। दोनों में आमने सामने का मुकाबला है। कुल दस प्रत्याशी मैदान में है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा और शाम छह बजे तक चलेगा।
जिले में कुल छह विधानसभा क्षेत्र हैं। इनमें बुढ़ाना, चरथावल, मुजफ्फरनगर, खतौली और मेरठ जिले की सरधना विधानसभा मुजफ्फरनगर लोकसभा के तहत आती है, जबकि मीरापुर और पुरकाजी सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र बिजनौर लोकसभा में है। बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गईं हैं। जिले में कुल 19 लाख 77 हजार 783 मतदाता हैं। इनमें से 16 लाख 92 हजार 313 मतदाता मुजफ्फरनगर लोकसभा में हैं तथा मीरापुर विधानसभा के तीन लाख 40 हजार 94 और पुरकाजी के तीन लाख 24 हजार 340 मतदाता बिजनौर लोकसभा क्षेत्र में हैं।
मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर दस प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सीट पर दो जाट क्षत्रपों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह खुद मैदान में हैं तो भाजपा से डा. संजीव बालियान एक बार फिर चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों ही नेताओं ने चुनाव को अपने पक्ष में करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब फैसला मतदाताओं को करना है। अपने वोट के जरिये वे इन प्रत्याशियों की किस्मत लिखेंगे। उधर, प्रशासन ने भी मतदान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा।
आज सील रहेंगी जनपद की सीमाएं
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में बृहस्पतिवार को होने वाले मतदान के दौरान अवांछितों की आवाजाही रोकने के लिए पूरे दिन अंतर जनपदीय और अंतरराज्यीय सीमाएं पूरी तरह सील रहेंगी। हरिद्वार से लगने वाली अंर्तराज्यीय सीमा पर जहां अस्थायी चेकपोस्ट बनाकर आधी कंपनी सीपीएमएफ की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, जनपद की पांच जनपदों से लगने वाली सीमाओं पर 40 प्वाइंट बनाकर चेकपोस्ट बनाते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
लोकतंत्र के महापर्व में प्रथम चरण का मतदान जनपद में बृहस्पतिवार सुबह सात बजे से शुरू हो जाएगा। शाम छह बजे तक होने वाले मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैदी बरत रहा है। मतदान में अवांछितों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने की रणनीति के तहत जनपद से सटी अंतर्जनपदीय व अंतर्राज्यीय सीमाओं को सील किया जाएगा।
जनपद की उत्तराखंड से सटी जनपद हरिद्वार की सीमा को तो मंगलवार से ही सील किया जा चुका है, जहां अस्थायी बैरियर लगाकर आधी कंपनी सीपीएमएफ के साथ ही एक हेड कांस्टेबल, एक कांस्टेबल व दो होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं, बृहस्पतिवार को मतदान के दौरान सीमा से सटे पांच किमी के दायरे के गांवों में भी पैदल गश्त की जाएगी।
इसके अलावा जनपद से सटे पांच अन्य जिलों बिजनौर, सहारनपुर, मेरठ, बागपत व शामली की सीमाओं को भी सील करते हुए कुल 40 प्वाइंट बनाए गए हैं। उक्त सभी प्वाइंट्स पर भी अस्थायी चेकपोस्ट बनाते हुए यहां भी एक हेडकांस्टेबल, एक कांस्टेबल और दो होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। उधर, एसपी सिटी सतपाल अंतिल ने बताया कि मतदान के दौरान किसी भी गैर जनपदीय व्यक्ति को जनपद में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। केवल जनपद वासी ही आईडी दिखाकर उक्त प्वाइंट्स से जिले में प्रवेश कर पाएंगे।
जिले को 25 जोन और 156 सेक्टरों में बांटा
मुजफ्फरनगर। लोकसभा चुनाव को शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने जिले को 25 जोन और 156 सेक्टरों में बांटा है। इसके अलावा सुपर जोनल मजिस्ट्रेट भी नियुक्त रहेंगे। मतदान के लिए जनपद में करीब 18 हजार सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा चुनाव कराने के लिए जिले की फोर्स में 17 एसएचओ, 560 एसआई, 612 हेड कांस्टेबल, 3418 कांस्टेबल,
5046 होमगार्ड के अलावा बाहर आए फोर्स में 365 उपनिरीक्षक, 548 हेडकांस्टेबल, 2856 कांस्टेबल, 5642 होमगार्ड तैनात रहेंगे। 21 कंपनी अर्द्धसैनिक बल और पांच कंपनी पीएसी भी लगाई गई है। अर्द्धसैनिक बलों में एसएसबी, आरएएफ, आईआरबी, सीआईएसएफ, आईटीबीटी के अलावा पंजाब पुलिस, राजस्थान पुलिस को भी तैनात किया गया।
पोलिंग पार्टियां बूथों पर पहुंची, मतदान आज
मुजफ्फरनगर। जिले में लोकसभा चुनाव के लिए सभी छह विधानसभा सीटों के बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। जिले में मुजफ्फरनगर लोकसभा की चार और बिजनौर लोकसभा क्षेत्र की दो विधानसभा सीट शामिल हैं। सुबह से ही नवीन मंडी स्थल पर ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों की भीड़ रही। डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि पोलिंग पार्टियां भेजने का काम सुव्यवस्थित तरीके से पूरा किया गया। सभी 2167 बूथों पर समय से पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। मतदान केंद्रों पर पुलिस कर्मियों के साथ सीआरपीएफ भी रहेगी।
नवीन मंडी स्थल पर सुबह से ही मेले जैसा माहौल था। सुबह आठ बजे से ही कर्मचारी और अधिकारी अपनी ड्यूटी लेने के लिए पहुंचने शुरू हो गए थे। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की अलग-अलग ड्यूटी लगाई जा रही थी। 12 बजे तक सभी कर्मचारियों को उनके बूथ, गांव और बस्ते वितरित कर दी गई। प्रत्येक बूथ पर पीठासीन अधिकारी सहित चार कर्मचारी लगाए गए। पुलिस की टोली अलग से लगाई गई। नवीन मंडी स्थल चौतरफा पूरी तरह चुनाव मय बना था। इस बार रिजर्व में कर्मचारियों की भरमार थी।
आयोग के निर्देश पर दस प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व में रखे गए। एक तरफ जहां कर्मचारी अनुशासित तरीके से ड्यूटी ले रहे थे। वहीं, यह हाल भी था कि साठ साल से ऊपर की बुजुर्ग महिलाओं और छोटे बच्चे वाली महिलाओं को ड्यूटी पर भेज दिया गया और रिजर्व नौजवान युवक-युवतियां रख दिए। बीमार और अशक्त लोग ड्यूटी कटवाने के लिए अफसरों के चक्कर काटते रहे। रिजर्व में सीडीओ अर्चना वर्मा के पास भारी भीड़ रही।
ड्यूटी कटवाने को लेकर ऐसी हालात बनी कि सीडीओ के चारो ओर फोर्स लगानी पड़ी। डीएम अजय शंकर पांडेय ने बताया कि शाम तक जिले के सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गई। मतदान की सभी तैयारियां पोलिंग पार्टियों ने पूरी कर ली है। सभी बूथों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। नवीन मंडी स्थल पर चुनाव आयोग से आए प्रेक्षकों के साथ ही एसएसपी सुधीर सिंह, एडीएम प्रशासन अमित सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार, सीओ मंडी योगेंद्र सिंह आदित मौजूद रहे।