जानसठ/मीरापुर। मीरापुर में युवक के साथ पुलिसकर्मियों के मारपीट का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले में संज्ञान लेते हए एसएसपी ने गांव कैथौड़ा पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमारको हटा दिया है।
सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि वीडियो 10-12 दिन पूर्व का है। घटना के समय कस्बे के अंदर एक कार और एक बाइक के बीच टक्कर हो जाने के कारण दोनों वाहनों के चालकों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई थी। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहुंच कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रण में किया था।
सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक दरोगा बाइक सवार से मारपीट करते हुए दिखाई दे रहा है। उसके विरुद्ध एसएसपी ने कार्रवाई की है। गांव कैथौड़ा की पुलिस चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार को हटा दिया है। सीओ ने बताया कि एसएसपी के आदेश पर उन्होंने मामले की जांच शुरू की है। इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है जांच में जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे। उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह था मामला
एक मिनट 11 सेकंड के वीडियो में करीब 15 सेकंड की वीडियो में पहले दरोगा ने बाइक सवार को पीटा। इसके बाद सादा वर्दी में दो पुलिसकर्मी बाइक सवार को पीटने लगे। यह नजारा वहां आसपास मौजूद दुकानदार और अन्य वाहन सवार देख रहे थे। दोनों पुलिसकर्मी बाइक सवार को पकड़ कर लेकर जाते हुए सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दिए।