मुजफ्फरनगर। अयोध्या में 06 दिसंबर, 1992 को विवादित ढांचा गिरा दिया गया था। उसको लेकर हिंदू संगठन जहां शौर्य दिवस मनाते हैं, तो मुस्लिम संगठन काला दिवस मनाते है। इस बार हिंदू जागरण मंच ने मिठाई बांटने व आतिशबाजी करने का ऐलान किया है। सुरक्षा की दृष्टि से एसएसपी ने जिले में पुलिस को अलर्ट किया है।
हिंदू जागरण मंच के वरिष्ठ पदाधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार उनका संगठन कई स्थानों पर मिठाई बांटेगा और आतिशबाजी भी करेगा। राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के पदाधिकारी संजय अरोरा ने बताया कि शिव चौक पर दोपहर में विशेष पूजा होगी और मिठाई बांटी जाएगी। दूसरे समाज के किसी भी संगठन ने किसी भी प्रकार की कोई घोषणा नहीं है। फिर भी पुलिस पूरे दिन जिले में अलर्ट रहेगी। इसके लिए एसएसपी अभिषेक यादव ने सभी अधिकारियों को सुबह से ही भ्रमणशील रहने के आदेश दिए है। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस को आदेश दिया है कि सभी अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतेंगे। अधिकारी भी भ्रमणशील रहेंगे। डायल 112 गाड़ियां भी अपने क्षेत्र में विशेष तौर पर भ्रमण करेंगी। सभी मिश्रित आबादी वाले इलाकों में चीता मोबाइल टीम, चौकी प्रभारी में निगरानी बनाएं रखेंगे।