एसपी अपराध पुलिस बल के साथ खालापार के फक्करशाह चौक पर डेरा डाले रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। जुमे की नमाज शांतिपूर्वक संपन्न हुई। इस दौरान शहर के सभी चौराहों व मुख्य स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। एसपी अपराध पुलिस बल के साथ खालापार के फक्करशाह चौक पर डेरा डाले रहे। पीएसी व थाना पुलिस भ्रमण करती रही। उधर, अग्निपथ योजना के मद्देनजर रेलवे स्टेेशन पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पूरे जिले में सभी स्थानों पर शांति बनी रही।
कानपुर में हिंसा के बाद से पुलिस अलर्ट मोड़ पर हैं। इसके बाद से लगातार सतर्कता बरती जा रही है। शुक्रवार को जुमे की नमाज दोपहर में बाहर बजे शुरू होकर दोपहर ढाई बजे तक अदा की गई। इस दौरान मस्जिदों व मदरसों के आसपास के आसपास पुलिस तैनात रही। सभी लोग नमाज अदा करने के बाद अपने घरों के लिए रवाना हुए। शांति व्यवस्था एसपी अपराध प्रशांत कुमार संभाले हुए थे। वह नमाज के समय तक खालापार में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। उधर, शहर कोतवाली प्रभारी आनंद देव मिश्र, सिविल लाइन थाना प्रभारी संतोष त्यागी, नई मंडी कोतवाली प्रभारी सुशील सैनी पुलिस टीम के साथ भ्रमण करते रहे। कई स्थानों पर ड्रोन भी उडाया गया। एसएसपी अभिषेक यादव अधिकारियों से पल पल की जानकारी ले रहे थे।
शाहपुर कस्बे में मरकज वाली मस्जिद, बहराम शाह मस्जिद, जामा मस्जिद, दरबार वाली मस्जिद, मदरसा वाली मस्जिद, तेलियान मस्जिद, कुरैशियान मस्जिद आदि में जुमे की नमाज अदा की गई । जानसठ कस्बे और क्षेत्र के गांव में चितौड़ा, कवाल, तिसंग, तालड़ा, कवाल, चितौड़ा, पिमौड़ा व काटक सहित सभी गांवों में जुमे की नमाज अदा की गई। सुरक्षा की दृष्टि से मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही।
रेलवे स्टेशन-चौराहों पर रही भारी सुरक्षा
मुजफ्फरनगर। अग्निपथ योजना के विरोध के मद्देनजर रेलवे व जीआरपी सतर्कता बरत रही है। जब से इस योजना का विरोध शुरू हुआ है, तभी से रेलवे व शहर के मुख्य चौराहों, बस अड्डों पर पुलिस तैनात की गई है। शुक्रवार को भी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ के जवान भारी संख्या में मौजूद रहे। शहर में भी रोडवेज बस अड्डे पर पुलिस तैनात रही।