मुजफ्फरनगर। शहर के भरतिया कॉलोनी में करीब डेढ़ माह पूर्व ज्वेलरी शॉप में हुई लूट को हापुड़ और इंचौली के लुटेरों ने अंजाम दिया था। मेरठ में तीन दिन पूर्व पकड़े गए लुटेरों ने ही ज्वेलरी शॉप से नकदी लूटी थी। पुलिस अब उक्त लुटेरों को रिमांड पर लेकर लूट की रकम बरामदगी की तैयारी कर रही है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के भरतिया कॉलोनी निवासी प्रवीण बंसल की वहीं पर महेंद्र कुमार एंड संस नाम से ज्वेलरी शॉप है। पांच दिसंबर को बाइक सवार तीन लुटेरों ने दुकान पर धावा बोलकर 68 हजार की नकदी लूट ली थी। डेढ़ माह बीतने के बाद भी पुलिस लुटेरों को पकड़ना तो दूर, उन्हें चिह्नित तक कर पाने में विफल रही थी। तीन दिन पूर्व एडीजी ने मेरठ में प्रेसवार्ता कर तीन लुटेरों की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। नई मंडी थाना प्रभारी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों आजाद उर्फ आबाद पुत्र नजर मोहम्मद व सुधांशु पुत्र गोपाल निवासीगण भमेड़ा हापुड़ और सलमान पुत्र रशीद निवासी ऊंचा पट्टी इंचौली ने पूछताछ में भरतिया कॉलोनी में ज्वेलरी शॉप में लूटपाट का भी खुलासा किया है। उक्त तीनों लुटेरों को अब रिमांड पर लेकर उनसे लूटी गई रकम बरामदगी का प्रयास किया जाएगा।