पुलिस ने लूट के मामले की जानकारी ली
मुजफ्फरनगर, मोरना/ककरौली। लूट के लिए फाइनेंस कर्मचारी चिराग बदमाशों के लिए सॉफ्ट टारगेट बना हुआ है। बदमाशों ने दूसरी बार चिराग से डेढ़ लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दे दिया है। ककरौली पुलिस ने मौके पर जाकर ग्रामीणों से जानकारी की। पुलिस स्थानीय युवकों से भी जानकारी हासिल कर रही है।
लॉकडाउन खुलने के बाद सोमवार को ककरौली क्षेत्र के गांव ढांसरी व जानसठ मार्ग पर तीन नकाबपोश बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी हरेंद्र राणा निवासी गांव भड़ल थाना दोघट जिला बागपत व चिराग पुत्र सुनील कुमार गांव पावरसा थाना दौराला, मेरठ से डेढ़ लाख रुपए लूट लिए थे। पुलिस ने मंगलवार को घटनास्थल पर छानबीन की। साथ ही आसपास के जंगल में खेतों में काम कर रहे किसान व मजदूरों से बदमाशों के हुलिया के बारे में जानकारी की। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूटी सवार बदमाशों में दो बदमाश पुल पर खड़े थे और एक बदमाश 15 मीटर की दूरी पर पेड़ की छांव में स्कूटी लेकर खड़ा रहा, जिसके बाद वह बदमाश स्कूटी लेकर गांव ढांसरी की ओर चला गया। 25 मिनट बीत जाने के बाद पुल पर खड़े दोनों बदमाश गंगानहर पुल से गायब हो गए।
ग्रामीणों से पूछताछ के बाद सीओ भोपा राममोहन शर्मा ने बताया कि बदमाशों की स्कूटी पर एक वर्ग का नाम लिखा हुआ था। घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच टीम से मदद ली जा रही है। ककरौली थाना प्रभारी विजय बहादुर यादव ने बताया कि जानसठ के तालड़ा मोड़ पर इस फाइनेंस कंपनी का आफिस है। फरवरी 2019 को चिराग और उसके अन्य साथी से बदमाशों ने साढ़े आठ लाख की लूट की थी, जिसमें थाना क्षेत्र के गांव कटिया निवासी कपिल गुर्जर सहित मेरठ, गाजियाबाद के बदमाशों से लूट के रुपयों की रिकवरी जानसठ पुलिस ने की थी। लूट की योजना बनाने में कंपनी का कर्मचारी भी जेल गया।