पुलिस के साथ मुठभेड़ मे घायल 15 हजार का इनामी कामिल उर्फ कल्लू।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से 15 हजार का इनामी बदमाश कामिल उर्फ कल्लू घायल हो गया। इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी हाथ में गोली लगाने से घायल हो गया। बदमाश के कब्जे से पुलिस ने बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को सीएचसी पर भर्ती करवाया गया है।
बुढ़ाना-बड़ौत मार्ग पर मंगलवार को सठेड़ी नहर पुलिया के पास पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान इंस्पेक्टर मगनवीर सिंह गिल को उनके मोबाइल फोन पर वांछित व 15 हजार के इनामी बदमाश के आने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ चेकिंग स्थान पर पहुंच गए।
पुलिस बल को देखकर बदमाश ने बाइक वापस मोड़कर खेतों में भागने का प्रयास किया। बाइक फिसलने के कारण वह चकरोड में गिर गया। पुलिस पर फायर करते हुए बदमाश ने भागने का प्रयास किया। पुलिस के जवाबी फायर में बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर गया। पुलिस व बदमाश के बीच फायरिंग में पुलिसकर्मी शिवकुमार त्यागी भी दाहिने हाथ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाश के कब्जे से पुलिस ने बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए। घायल बदमाश व पुलिसकर्मी को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश कामिल उर्फ कल्लू पुत्र जब्बार, मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव हर्रा का रहने वाला है। वह उनके थाने से दो मुकदमों में वांछित चल रहा था।
थाना सरूरपुर व बुढ़ाना में घायल बदमाश के खिलाफ 22 मुकदमे पंजीकृत हैं। घायल बदमाश को सीएचसी से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इस मौके पर बायवाला पुलिस चौकी इंचार्ज संजय कुमार भी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।