थाना प्रभारी सिविल लाइंस व पुरकाजी लाइन हाजिर
मुजफ्फरनगर। डीजीपी के बीट प्रोजेक्ट को लागू न करना सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरसरण शर्मा की थानेदारी पर भारी पड़ा। डीजीपी के आदेश पर एसएसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इनके साथ ही पुरकाजी इंस्पेक्टर पंकज त्यागी को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है।
डीजीपी द्वारा करीब एक माह पूर्व सूबे के हर जनपद में महत्वपूर्ण बीट पायलट प्रोजेक्ट लागू करने की घोषणा की थी। जनपद में इस प्रोजेक्ट के लिए थाना सिविल लाइंस व शाहपुर का चयन किया गया था। शाहपुर थाने में बीट प्रोजेक्ट को क्रमवार तरीके से लागू किया जा चुका है, जहां बीट प्रोजेक्ट में शामिल पुलिसकर्मियों को जरूरी संसाधन भी दिए जा चुके हैं। वहीं, थाना सिविल लाइंस में बीट पायलट प्रोजेक्ट प्रारंभिक दौर में भी नहीं है। हाल ही में डीजीपी द्वारा बीट प्रोजेक्ट की समीक्षा की गई थी, जिसमें सिविल लाइंस थाने की लापरवाही उजागर हुई। इसके परिप्रेक्ष्य में बृहस्पतिवार शाम डीजीपी कार्यालय से इंस्पेक्टर सिविल लाइंस हरशरण शर्मा को लाइन हाजिर किए जाने के निर्देश दिए गए, जिसके अनुपालन में एसएसपी अभिषेक यादव थाने पहुंचे और तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर को लाइन हाजिर कर दिया गया। इनके साथ ही पुरकाजी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज त्यागी को भी लाइन हाजिर किया गया है। एसएसपी द्वारा जानसठ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर योगेश शर्मा को सिविल लाइंस थाने का प्रभार सौंपा गया है, जबकि इंस्पेक्टर न्यायालय सुरक्षा डीके त्यागी को जानसठ थाने की कमान सौंपी गई है। वहीं, क्राइम ब्रांच में तैनात इंस्पेक्टर सुभाष गौतम को पुरकाजी थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।