दंपती हत्याकांड में पुलिस के हाथ खाली
जानसठ (मुजफ्फरनगर)। दंपती हत्याकांड के नामजद मुख्य आरोपी विनीत व उसके दो अज्ञात साथियों को पुलिस अभी पकड़ नहीं पाई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगीं पुलिस की चार टीमों ने दबाव बनाने के लिए हत्यारों की रिश्तेेदार चार महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने दंपती हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीम गठित की हैं। मंगलवार की देर रात व बुधवार दिन में भी पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी। इसके बावजूद पुलिस के हाथ पूरी तरह खाली हैं। मुख्य आरोपी तक पहुंचने के लिए हिरासत में लीं चार महिलाओं व एक व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है। लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। जानसठ कोतवाली प्रभारी बबलू सिंह वर्मा का कहना हैं कि शीघ्र ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
सीसीटीवी मेें नजर नहीं आए बदमाश
पुलिस ने दंपती हत्याकांड को अंजाम देने वाले बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने के लिए कई सीसीटीवी की फुटेज खंगाली, लेकिन फुटेज में बाइक सवार बदमाश कहीं दिखाई नहीं दिए।
यह था मामला
जानसठ कोतवाली के गांव खलवाड़ा व मेहलकी मार्ग पर मंसूरपुर के गांव जोहरा निवासी हरपाल सैनी व उसकी पत्नी कौशल को ई-रिक्शा से खींचकर बाइक सवार तीन बदमाशों ने चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी थी। मृतक दंपती मुजफ्फरनगर कोर्ट में तारीख से खलवाड़ा लौट रहा था। मृतक कौशल के भतीजे सुबोध ने गांव जौहरा निवासी विनीत व उसके दो अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
बाबुल के जिस घर से डोली उठी, उसी घर से पति के साथ अर्थी भी उठी
जानसठ। कोतवाली जानसठ के गांव खलवाड़ा की रहने वाली कौशल सैनी जिस गांव से 30 वर्ष पूर्व पति हरपाल सैनी संग डोली में विदा हुई थी। बुधवार को उसी मायके गांव खलवाड़ा से पति के साथ ही अर्थी पर विदा हुई। मायके वालों ने गमगीन माहौल में शुक्रताल में गंगा घाट पर दोनों के शवों का अंतिम संस्कार किया।
गांव खलवाड़ा निवासी कौशल सैनी की 30 साल पहले शादी जोहरा निवासी हरपाल सैनी के संग हुई थी। जिस गांव से पति हरपाल सैनी के साथ डोली में विदा हुई थी। बुधवार को उसी गांव से कौशल की अर्थी भी पति हरपाल की अर्थी के साथ विदा हुई। जिसको देखकर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। भाई रणधीर सिंह सैनी द्वारा बहन कौशल और बहनोई हरपाल सैनी के शवों का अंतिम संस्कार शुक्रताल ले जाकर किया गया।
डीआईजी भी दंपती हत्याकांड की जानकारी लेने आए
जानसठ। दंपती हत्याकांड की खबर लगने पर सहारनपुर डीआईजी प्रीतिंदर सिंह मंगलवार की रात्रि में ही गांव खलवाड़ा में मृतका कौशल के मायके वालों से मिलने पहुंचे और दंपती हत्याकांड को लेकर पूछताछ की। डीआईजी ने मायके वालों को शीघ्र ही नामजद आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया।