दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे अब हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्तों के जयघोष से गूंजने लगा है। कांवड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ ही जनपद में कांवड़ यात्रा मार्ग पूरी तरह पुलिस और अर्द्ध सैनिक बल के हवाले हो गया है। मंगलवार से सभी 16 जोनल मजिस्ट्रेट, 47 सह जोनल मजिस्ट्रेट और 83 सेक्टर मजिस्ट्रेट ने अपनी क्षेत्र की कमान संभाल ली है।
श्रावण माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने वाले शिव भक्त कांवड़ियों की संख्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर बढ़ने लगी है।
अभी राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली के शिव भक्त कांवड़ लेकर लौट रहे हैं। मंगलवार को राजमार्ग बम-बम के जयघोष से गुंजायमान रहा। हर-हर, बम-बम के जयघोष के साथ कांवडिये अपने गंतव्य की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। शहर के समस्त चौराहों पर पुलिस बल के साथ अधिकारी भी ड्यूटी पर तैनात हो गए हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कांवड़ियों को किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। फिलहाल शहर में रुड़की रोड वाले पूरे कांवड़ मार्ग के डिवाइडर पर बैरीकेडिंग लगा दी गई है।
एक मार्ग को कांवड़ियों और दूसरे को शहर की जनता के लिए खोलकर रखा गया है। कांवड़ियों की संख्या जैसे और बढ़ेगी धीरे-धीरे शहर के आवागमन के रास्तों को सीमित कर दिया जाएगा। प्रशासन कांवड़ियों की संख्या और स्थिति पर लगातार पैनी नजर रखे हुए है। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार से कांवड़ यात्रा में पुलिस की तमाम ड्यूटी शुरू हो गई है। जनपद में नेशनल हाईवे पर पुरकाजी से लेकर भंगेला तक विभिन्न प्वाइंट बना कर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। कांवड़ यात्रा में पुलिस बल, अर्द्ध सैनिक बल, होमगार्ड, पीआरडी समेत करीब पांच हजार जवान तैनात किए गए है।
214 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए
मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा की निगरानी प्रशासन की तीसरी आंख भी करेंगी। पूरी कांवड़ यात्रा सीसीटीवी कैमरों में कैद होगी। इसके लिए जिले में पुरकाजी से लेकर भंगेला तथा शहर से लेकर बुढ़ाना तक विभिन्न स्थानों पर मुख्य प्वाइंट बना कर 214 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर बैंकों के बाहर समेत जिन दुकानदारों, कारोबारियों और नागरिकों नेे अपने सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, उन्हें भी अपने कैमरे कांवड़ यात्रा में चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा में सुरक्षा के लिए सादे और कांवड़ भेष में भी पुलिस बल तैनात किए गए है। एलआईयू, आईबी आदि खुफिया जांच एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं।
डीआईजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया
मुजफ्फरनगर। सहारनपुर रेंज के डीआईजी केएस इमैनुअल ने मंगलवार दोपहर को कांवड़ यात्रा मार्ग का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए गए इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान एसएसपी अनंत देव और एसपी सिटी ओमवीर सिंह भी कांवड़ यात्रा के भ्रमण पर थे। डीआईजी ने बाद में दोनों अधिकारियों को साथ लेकर पुरकाजी, छपार, बरला, सिसौना, बागोवाली और रामपुर तिराहा तक कांवड़ यात्रा मार्ग पर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।