मीनाक्षी चौक पर लॉक डाउन के उल्लघन पर प्रसाशन द्वारा जारी शपथ पत्र भरवात पुलिस अधिकारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। सवेरे छह से नौ बजे के बाद लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस ने रवैया और सख्त कर दिया है। बिना किसी पुख्ता वजह के घरों से बाहर निकले लोगों से सख्ती से निपटा गया। उनसे शपथ पत्र भरवाने के साथ ही हाथ पर मोहर लगा दी गई। दोबारा लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
पुलिस ने शुक्रवार को शहर में नई व्यवस्था लागू कर दी है। सवेरे छह से नौ बजे तक तो लोगों को खरीदारी के लिए घरों से निकलने की छूट है लेकिन इसके बाद जो भी सड़कों पर दिखा उससे सख्ती से निपटा गया। पुलिस ने नगर के विभिन्न चौराहों के अतिरिक्त जिले भर में शपथ पत्र भरवाने शुरू कर दिए हैं। नौ बजे के बाद जो भी सड़क पर नजर आया उसका शपथ पत्र भरवाया गया। साथ ही संबंधित व्यक्ति के हाथ पर मोहर लगाई गई। चेतावनी दी गई कि यदि वह दोबारा लॉकडाउन के दौरान घर से बाहर निकलेगा तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दी जाएगी। मीनाक्षी चौक, शिव चौक, महावीर चौक, नावल्टी चौक, प्रकाश चौक समेत विभिन्न चौराहों पर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। शपथ पत्र की एक प्रति संबंधित व्यक्ति को दी गई जबकि दूसरी अपने पास रखी। पुलिस बार-बार घरों से निकलने वालों को चिह्नित कर रही है। एसएसपी अभिषेक यादव ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती की जाए। ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई करें।
-------------
शपथ पत्र का प्रारूप...
मैंने लॉकडाउन का उल्लंघन कर समाज एवं देश को खतरे में डाला है। मैं यह गलती न करने की शपथ लेता हूं। भविष्य में मेरे द्वारा यह गलती की जाती है तो जिला प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के लिए मैं स्वयं जिम्मेदार माना जाऊंगा। मुझे ज्ञात है कि मेरा कृत्य धारा-144 के उल्लंघन के तहत 188 आईपीसी, धारा 269, 270 आईपीसी एवं महामारी अधिनियम एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत दंडनीय है। शपथ पत्र में कोरोना से बचाव के तरीके भी बताए गए हैं।
लॉक डाउन में स्कूटी सवार महिला को रोती पुलिसकर्मी।- फोटो : MUZAFFARNAGAR